भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वयोवृद्ध नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का स्वास्थ्य पहले से बेहतर है। संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) ने यह जानकारी दी।
लखनऊ के एसजीपीजीआई द्वारा शनिवार सुबह दस बजे जारी बुलेटिन में बताया गया कि ‘क्रिटिकल केयर मेडिसिन’ के गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में भर्ती कल्याण सिंह (89) की स्थिति पहले से बेहतर है और उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है।
बुलेटिन में बताया गया, ‘‘हृदयरोग, तंत्रिकारोग, मधुमेह रोग और गुर्दारोग विशेषज्ञ समेत वरिष्ठ चिकित्सकों की टीम उनके उपचार में जुटी है।” एसजीपीजीआई के निदेशक प्रो आर के धीमन स्वंय उनके इलाज पर बारीकी से नजर रख रहे हैं।
सिंह पिछले 21 जून को अनियंत्रित रक्त शर्करा और रक्तचाप आदि की शिकायत के बाद डॉक्टर राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ में भर्ती हुए थे।
संस्थान के अनुसार तीन जुलाई की रात रक्तचाप अत्यधिक बढ़ने के कारण कल्याण सिंह को दिल का हल्का दौरा पड़ा, जिसके कारण उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया था। इसके बाद चार जुलाई को उन्हें एसजीपीजीआई में भर्ती कराया गया।


Download Android App
Download iOS App



