बिहार के मंत्री जमा खान ने खुद को बताया हिंदू, कहा- पूर्वजों ने कबूल किया था इस्लाम

Summary :

बिहार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री और जेडीयू नेता जमा खां ने बड़ा दावा किया है कि उनके पूर्वज हिन्दू थे। उन्होंने कहा कि आज भी उनके खानदान के कई लोग हिन्दू राजपूत हैं।

बिहार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री और जेडीयू नेता जमा खां ने बड़ा दावा किया है कि उनके पूर्वज हिन्दू थे। उन्होंने कहा कि आज भी उनके खानदान के कई लोग हिन्दू राजपूत हैं। जेडीयू नेता का कहना है कि पूर्वजों ने इस्लाम धर्म अपना लिया इसलिए हम आज मुसलमान हो गए। खां हालांकि जबरन धर्म परिवर्तन को जरूर गलत मानते हैं।
अगर कोई जबरन धर्म परिवर्तन करवाता है तो वह बचने वाला नहीं है, कानून उसे सख्त से सख्त सजा देगा
बिहार के हाजीपुर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए राज्य के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री ने कहा कि अगर कोई स्वेच्छा से धर्म परिवर्तन करता है तो ठीक है, लेकिन जबरदस्ती ऐसा नहीं होगा। उन्होंने कहा, “अगर कोई जबरन धर्म परिवर्तन करवाता है तो राज्य सरकार ऐसा नहीं होने देगी। अगर कोई ऐसा करता है वह बचने वाला नहीं है, कानून उसे सख्त से सख्त सजा देगा।”
आज भी खानदान का हिंदु परिवारों में आना जाना है
मंत्री ने आगे कहा, “किसी का भी जबरदस्ती धर्म परिवर्तन नहीं कराया जा सकता। कोई मेरे सिर पर पिस्तौल लगा देगा तो भी मैं अपना धर्म नहीं बदलूंगा। कोई आदमी जबरदस्ती धर्म नहीं बदलेगा।” मंत्री ने खुद को भी हिंदु बताते हुए कहा कि उनके पूर्वज भी हिंदु राजपूत थे। उसके बाद एक भाई मुसलमान बन गए। उन्होंने यहां तक कहा कि आज भी उनके खानदान के हिंदु परिवारों में आना जाना है।
वरिष्ठ नेताओं का फैसला सर्वोपरि है जो फैसला हो गया वह सही है
केंद्रीय मंत्रिमंडल में जदयू को एक सीट मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल में जदयू कोटे से एक से ज्यादा मंत्री बनाया जाना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। उन्होंने हालांकि यह भी कहा कि इस मामले में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का फैसला सर्वोपरि है जो फैसला हो गया वह सही है। जमा खां बहुजन समाज पार्टी की टिकट पर जीतकर विधानसभा पुहंचे थे, बाद में वे जदयू में शामिल हो गए।

Desk Team