उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में 18+ उम्र के लोगों को एक जून से लगेगी वैक्सीन, CM योगी ने दिए निर्देश

Summary :

उत्तर प्रदेश में एक जून से सभी जिला मुख्यालयों में 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों का कोविड टीकाकरण किया जाएगा। राज्‍य सरकार के प्रवक्ता ने रविवार को यह जानकारी दी।

उत्तर प्रदेश में एक जून से सभी जिला मुख्यालयों में 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों का कोविड टीकाकरण किया जाएगा। राज्‍य सरकार के प्रवक्ता ने रविवार को यह जानकारी दी। प्रवक्ता ने बताया कि उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने अगले चरण में आगामी एक जून से सभी जिला मुख्यालयों पर 18-44 आयु वर्ग के लोगों का टीकाकरण किये जाने का निर्देश दिया है।
प्रवक्ता ने कहा कि कोविड से बचाव के मद्देनजर टीकाकरण अत्यंत महत्वपूर्ण है और वर्तमान में प्रदेश के 23 जिलों में 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों के टीकाकरण का कार्यक्रम चल रहा है। राज्‍य सरकार ने एक मई से 18-44 आयु वर्ग के लोगों के लिए पहले चरण में लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज, मेरठ और बरेली जिले में टीकाकरण अभियान शुरू किया।
इसके बाद दूसरे चरण में 10 मई से राज्य के सभी नगर निगम वाले 17 जिला मुख्यालयों समेत गौतमबुद्ध नगर जिले (कुल 18 जिले) में टीकाकरण शुरू किया और तीसरे चरण में इसे 23 जिलों में विस्‍त‍ारित कर दिया गया। मुख्यमंत्री ने अब प्रदेश के सभी जिलों में 18-44 आयु वर्ग के लोगों के टीकाकरण के निर्देश दिये हैं। सरकारी बयान के अनुसार राज्‍य के सभी जिलों में 45 वर्ष से ऊपर के लोगों का टीकाकरण अभियान तेजी से चल रहा है और शनिवार तक कोविड टीके की 1 करोड़ 62 लाख से अधिक खुराक दी जा चुकी है।

Desk Team