संत कबीर नगर में बाप ने तीन बेटियों को नदी में फेंका, गोताखोरों की मदद से तलाश जारी

Summary :

सरफराज नाम का व्यक्ति अपने मित्र नीरज की मदद से मोटरसाइकिल पर अपनी बेटियों सना (7), सबा (4) और शमा (7) को घाघरा नदी के बिरहर घाट पर लाया और तीनों बच्चियों को एक-एक कर नदी में फेंक दिया।

उत्तर प्रदेश के संतकबीर नगर जिले से एक बेहद ही हैरान करने वाली घटना सामने आई है। घरेलू विवाद को लेकर एक व्यक्ति ने अपनी तीन मासूम बेटियों को घाघरा नदी में फेंक दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से बच्चियों की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक बृजेश सिंह ने यहां बताया कि सरफराज नाम का व्यक्ति अपने मित्र नीरज की मदद से मोटरसाइकिल पर अपनी बेटियों सना (7), सबा (4) और शमा (7) को घाघरा नदी के बिरहर घाट पर लाया और तीनों बच्चियों को एक-एक कर नदी में फेंक दिया। हालांकि आसपास मौजूद कुछ ग्रामीणों ने नदी में कूदकर बच्चियों को बचाने की कोशिश की लेकिन वे नाकाम रहे।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तीनों लड़कियों की तलाश शुरू करवाई लेकिन अभी तक किसी का कुछ पता नहीं चला। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस ने सरफराज और उसके मित्र नीरज को गिरफ्तार कर लिया है। सरफराज करीब 20 दिन पहले मुंबई से लौटा था और वह नशे का आदी है। वारदात के पीछे घरेलू विवाद बताया जाता है। बहरहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Desk Team