चचेरे भाई ने की मारपीट, थाने में शिकायत लेकर पहुंची युवती को बताया ‘ड्रामा’, 2 घंटे तक बिजली के पोल पर चढ़ी

Summary :

कानपूर के महाराजपुर इलाके से अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां 18 वर्षीय रेशमा के साथ चचेरे भाई ने मारपीट की।

कानपूर के महाराजपुर इलाके से अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां 18 वर्षीय रेशमा के साथ चचेरे भाई ने मारपीट की। इसके बाद वह इसकी शिकायत करने के लिए चौकी पहुंची। वहां शिकायत करने के बजाय चौकी इंचार्ज ने उसे ड्रामा करने वाली बता दिया और कहा कि मुख्यमंत्री के पास लखनऊ जाओ। इसी बात से नाराज होकर रेशमा हाईटेंशन बिजली के पोल पर चढ़ गई। पुलिस की कई घंटो की कड़ी मशक्कत के बाद वह नीचे उतरी।

चाचा के बेटे ने की मारपीट

रेशमा के परिजनों का आरोप है कि उनका चाचा श्याम बिहार के परिवार के साथ लंबे समय से संपत्ति बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार को रेशमा छत पर तिरपाल ठीक कर रही थी, तभी श्याम बिहार और उनके बेटों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। रेशमा के नाना ने बताया कि मारपीट के बाद रेशमा गिर पड़ी, जिसके बाद उसको अस्पताल ले जाया गया।

थानेदार ने बताया ड्रामा

बताया जा रहा है कि जब रेशमा शिकायत दर्ज कराने थाने गई, तो वहां उसकी एक नहीं सुनी। थानेदार ने इसे ‘ड्रामा’ बताया, तो चौकी इंचार्ज ने यहां तक कह दिया कि “यहां सुनवाई नहीं होगी, लखनऊ सीएम के पास जाओ।” पुलिस के इस अड़ियल और संवेदनहीन रवैये से आहत होकर रेशमा गुस्से और लाचारी में खेत में लगे हाईटेंशन बिजली के खंभे पर जा चढ़ी।

2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद नीचे उतरी रेशमा

जब रेशमा की खबर पुलिस को मिली, तो वह मौके पर पहुंचे। वहां पुलिस ने रेशमा को रिपोर्ट दर्ज करने और आरोपी के नाबालिग होने की बात समझाई। फिर करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद वह नीचे उतरी और पुलिस उसे थाने ले गई। फिलहाल पुलिस ने इसे पारिवारिक विवाद बताकर, दोनों को काफी समझाया-बुझाया। पुलिस का कहना है कि दोनों परिवारों से बातचीत की जा रही है और जरुरी कार्रवाई की जाएगी।

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।