नायक तो महाराणा प्रताप हैं, अकबर नायक नहीं हो सकता : सीएम योगी

Summary :

राष्ट्र नायकों का सम्मान अनिवार्य: सीएम योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को ग्रेटर नोएडा में महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्र नायकों के सम्मान की अनिवार्यता पर जोर देते हुए कहा कि जो लोग इन्हें सम्मान नहीं दे सकते, वे मानसिक विकृति के शिकार हैं और उन्हें इलाज की जरूरत है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र नायकों का सम्मान किए बिना वर्तमान पीढ़ी आगे नहीं बढ़ सकती और नई प्रेरणा नहीं प्राप्त कर सकती।

सीएम योगी ने कहा कि महाराणा प्रताप ने अपने जीवनकाल में मेवाड़ राजवंश से जुड़े उन सभी क्षेत्रों को वापस हासिल किया था, जिन्हें मुगल शासक अकबर ने हड़पने की चेष्टा की थी। उन्होंने अकबर को घुटने टेकने के लिए मजबूर कर दिया था।

उन्होंने कहा, “नायक तो महाराणा प्रताप हैं, अकबर नायक नहीं हो सकता। नायक तो छत्रपति शिवाजी महाराज हैं, जिन्होंने औरंगजेब को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया और वह घुटते-घुटते बेमौत मरा।”

उन्होंने कहा कि जो लोग सनातन धर्म, भारत की संस्कृति और परंपरा को नष्ट करने के लिए आए, वे कभी भी राष्ट्र नायक नहीं हो सकते। राष्ट्र नायक वे हैं, जिन्होंने राष्ट्र और धर्म के लिए समर्पण किया। उन्होंने महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी महाराज और गुरु गोविंद सिंह के योगदान को अविस्मरणीय बताया।

उन्होंने महाकुंभ का जिक्र करते हुए कहा, “हमने जितने श्रद्धालुओं के आने का अनुमान लगाया था, उससे तीन से चार गुना ज्यादा लोग पहुंचे। पार्किंग स्पेस कम पड़ गई और कई श्रद्धालुओं को 10 से 15 किलोमीटर पैदल चलना पड़ा, लेकिन संगम में स्नान करने के बाद हर कोई प्रसन्न होकर लौटा।” इससे पहले, सीएम योगी ने नोएडा में चार आईटी कंपनियों का उद्घाटन और भूमि पूजन किया। इसके साथ ही ग्रेटर नोएडा में शारदा केयर हेल्थ सिटी अस्पताल का भी उद्घाटन किया।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.