बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की प्रमुख मायावती ने शनिवार को भाजपा पर अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्गों को मिलने वाले आरक्षण को “धीमी मौत” देने का आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ताधारी दल अपनी विफलताओं से लोगों का ध्यान भटकाने के लिये “फूट डालो और राज करो” की नीति अपना रहा है।
बसपा पदाधिकारियों की अखिल भारतीय बैठक को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री ने मुस्लिम समुदाय से अनुरोध किया कि वे परिश्रम करें और भावनाओं में न बहें।
पार्टी के एक बयान में मायावती को उद्धृत करते हुए कहा गया, “देश के मुसलमानों को भावनाओं में नहीं बहना चाहिए बल्कि हालात (देश के) को ध्यान में रखकर कुछ परिश्रम करना चाहिए।”
उन्होंने आरोप लगाया कि पहले कांग्रेस ने ‘भावनात्मक राजनीति’ के जरिये मुस्लिम समुदाय का “शोषण” किया और अब भाजपा सरकार उनके “दमन” में दो कदम और आगे बढ़ गई।
मायावती ने कहा कि लेकिन बसपा “फूट डालो और राज करो” की ऐसी नीतियों के खिलाफ अपना संघर्ष जारी रखेगी।


Download Android App
Download iOS App



