बसपा प्रमुख मायावती ने उत्तर प्रदेश में भारी बारिश से उत्पन्न हुई बाढ़ की स्थिति के लिए राज्य सरकार की उदासीनता को जिम्मेदार ठहराते हुए बाढ़ प्रभावित लोगों की राहत के लिए तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है।
मायावती ने मंगलवार को ट्वीट किया, “भारी बारिश से उत्तर प्रदेश के खासकर पूर्वांचल के जिलों में लगभग 100 लोगों की मौत और लाखों परिवारों का जीवन बाढ़ एवं जलभराव की समस्या से काफी बेहाल एवं अति-संकटग्रस्त है, जिससे निजात दिलाने और राहत पहुंचाने के मामले में सरकारी उदासीनता की शिकायत आम है। सरकार तत्काल ध्यान दे तो बेहतर होगा।”

मायावती ने बाढ़ के कारण किसानों के सामने पैदा हुए संकट का ज़िक्र करते हुए कहा, “बाढ़ से पूर्वांचल में खेती-किसानी भी काफी ज्यादा प्रभावित हुई है, जिस पर केन्द्र एवं राज्य सरकार दोनों को फौरन पूरा ध्यान देने की जरूरत है, वरना गरीबी और बेरोजगारी आदि की गंभीर समस्या से जूझ रहे इस क्षेत्र के करोड़ों लोगों का जीवन और भी ज्यादा दरिद्र और संकटग्रस्त बन जाएगा।”

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘व्यापक जनहित और जनकल्याण में क्या यह उचित नहीं होगा कि गांधी जयन्ती को धूमधाम से मनाने के बजाए सादगी एवं संजीदगी से मनाया जाए।’’ उन्होंने मांग की कि गांधी जयन्ती के विभिन्न कार्यक्रमों के लिए इस्तेमाल होने वाले सरकारी एवं गैर-सरकारी धन को बचाकर उसे लाखों अति-जरूरतमन्द बाढ़ पीड़ितों की राहत पर खर्च किया जाए।



Download Android App
Download iOS App



