मेरठ के थाना सरधना कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में ट्यूशन से लौट रही 10वीं कक्षा की छात्रा को गांव के ही चार युवकों ने हवस का शिकार बनाया। अपने साथ हुए इस कुकर्म से आहत छात्रा ने घर पहुंचकर कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया जिससे अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
एसपी देहात केशव कुमार ने बताया कि गुरुवार को हुई इस घटना में चार युवक शामिल थे। उन्होंने बताया कि घर से छात्रा का एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें छात्रा द्वारा लखन पुत्र संजय के अलावा विकास पुत्र बलवंत उर्फ मुरली का जिक्र किया गया है। केशव कुमार ने बताया कि इसके आधार पर पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है और दो अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं।
उधर, सरधना पुलिस ने छात्रा के परिजनों की तहरीर के आधार बताया कि किशोरी 10वीं की छात्रा थी और गुरुवार को घर से ट्यूशन पढ़ने के लिए गई थी। पुलिस के अनुसार ट्यूशन से लौटते समय छात्रा को कपसाड़ गांव निवासी चार युवकों ने अगवा कर लिया और टावर के पास मकान में बंधक बना सामूहिक दुष्कर्म किया।
पुलिस ने बताया कि छात्रा किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। बाद में आहत छात्रा ने घर पर जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और उसे शाम करीब छह बजे मोदीपुरम के एसडीएस ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार मामले में जांच जारी है और शेष अभियुक्तों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



