पहलगाम आतंकी हमले के खिलाफ भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत बड़ी सैन्य कार्रवाई करते हुए पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकानों पर हमला करके तबाह कर दिया। दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव के दौरान मेरठ के एक युवक को सोशल मीडिया पर पाकिस्तान के समर्थन में टिप्पणी करना भारी पड़ गया। इस मामले में एक्शन लेते हुए पुलिस ने संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर युवक को गिरफ्तार कर लिया।
पाक समर्थक को पुलिस ने किया गिरफ्तार
पाकिस्तानी यूट्यूबर के पोस्ट पर मेरठ के जैद नाम के एक युवक ने आपत्तिजनक कमेंट किया। उसने कमेंट बॉक्स में पाकिस्तान को सही बताने के साथ-साथ पाकिस्तान के समर्थन में नारे भी लगाए। युवक के कमेंट पर हिंदूवादी संगठनों ने हंगामा किया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक को गिरफ्तार कर लिया। सिविल लाइन थाने में आरोपी के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। आरोपी सैलून में काम करता है।
आपत्तिजनक पोस्ट करने पर पुलिस का एक्शन
मामले की जांच कर रही पुलिस ने मीडिया को बताया, एक युवक की तरफ से इंस्टाग्राम समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आपत्तिजनक पोस्ट किया गया। पब्लिक के सहयोग से पुलिस ने आरोपी युवक को ट्रेस किया। उसके सोशल मीडिया मूवमेंट और एक्टिविटी को संज्ञान में लेकर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करके युवक की गिरफ्तारी भी सुनिश्चित कर ली गई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। उसके सारे पोस्ट को मॉनिटर किया जा रहा है।
9 आतंकी ठिकानों को किया तबाह
उल्लेखनीय है कि भारतीय सेना की तरफ से मंगलवार देर रात 1.05 बजे से 1.30 बजे के बीच 24 मिसाइलों से नौ आतंकवादी ठिकानों पर हमला किया गया, जिनमें मुरीदके स्थित लश्कर-ए-तैयबा का मुख्यालय और बहावलपुर स्थित आतंकी के प्रमुख ठिकाने शामिल थे। ये वे स्थान हैं, जिन्हें आतंकवादी गतिविधियों का केंद्र माना जाता है। इस हमले को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम दिया गया।


Download Android App
Download iOS App



