Moradabad Ambulance Accident: दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर आज यानी गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। दरअसल नोएडा से बरेली जा रही एक एंबुलेंस रामगंगा पुल के पास अचानक कंट्रोल से बाहर होते हुए डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई। हादसे में एंबुलेंस के ड्राइवर उस्मान गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी अस्पताल में इलाज के दौरान शुक्रवार तड़के मौत हो गई। एंबुलेंस में मौजूद मरीज और उसके बेटे को भी चोटें आईं, लेकिन दोनों की हालत ज्यादा गंभीर नहीं थी।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बरेली के इज्जतनगर निवासी अबुजर खान के पिता शाहिद हसन को करीब एक हफ्ते पहले ब्रेन हेमरेज हुआ था। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए नोएडा के पार्क अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कुछ दिनों तक इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ और गुरुवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। ऐसे में अबुजर खान अपने पिता को नोएडा से बरेली वापस ले जाना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने एक प्राइवेट एंबुलेंस बुक की थी। एंबुलेंस चलाने की जिम्मेदारी उस्मान के पास थी, जो मूल रूप से हापुड़ के देहात थाना क्षेत्र के हसौड़ा गांव के रहने वाले थे और मौजूदा समय में गाजियाबाद के लाल कुआं इलाके में रहते थे।
रास्ते में ड्राइवर को आई झपकी
गुरुवार रात एंबुलेंस शाहिद हसन को लेकर बरेली के लिए रवाना हुई। बताया जा रहा है कि दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर रामगंगा पुल के पास पहुंचने के दौरान ड्राइवर उस्मान को अचानक झपकी आ गई। इससे एंबुलेंस का बैलेंस बिगड़ गया। एंबुलेंस पहले डिवाइडर पर चढ़ी और इसके बाद सड़क पर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि एंबुलेंस में सवार लोगों को काफी चोटें आईं। दुर्घटना के बाद हाईवे से गुजर रहे लोगों ने तुरंत मदद के लिए गाड़ी रोकी और एंबुलेंस के अंदर फंसे ड्राइवर समेत अन्य लोगों को बाहर निकाला।
ड्राइवरने तोड़ा दम
हादसे में ड्राइवर उस्मान को गंभीर चोटें आईं। वहीं शाहिद हसन और उनके बेटे अबुजर खान को मामूली चोट लगी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। पुलिस ने मरीज और उसके बेटे के लिए दूसरी एंबुलेंस की व्यवस्था की। दोनों को उसी एंबुलेंस से आगे इलाज और देखभाल के लिए बरेली भेज दिया गया। गंभीर रूप से घायल ड्राइवर उस्मान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने उस्मान का इलाज शुरू किया, लेकिन उनकी हालत गंभीर बनी रही। शुक्रवार तड़के इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे की सूचना उनके परिवार को दे दी गई है। प्रारंभिक जानकारी में हादसे की वजह ड्राइवर को झपकी आना बताई जा रही है। हालांकि, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: वृंदावन में निर्माणाधीन ओमैक्स मॉल की गिरी शटरिंग, 3 मजदूरों की मौत, एक गंभीर रूप से घायल



Download Android App
Download iOS App




