अपनी ही मिठाई खाने से दुकानदार ने किया इनकार, SDM ने फिंकवा दी मिठाई; जानें पूरा मामला

Summary :

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मौदहा कस्बे में त्योहार से पहले मिलावटखोरी के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान एसडीएम और खाद्य विभाग की टीम ने मिठाई दुकानदार को उसकी दुकान की मिठाई खाने को कहा, लेकिन उसने इनकार कर दिया। इसके बाद अधिकारियों ने मिठाइयां हटवाकर फिंकवा दीं।

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। जिले के मौदहा कस्बे में पर्व से पहले मिलावटखोरी के खिलाफ प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रही है। प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई मिठाई की दुकानों पर छापेमारी की। इसी दौरान एसडीएम करनवीर सिंह और खाद्य विभाग की टीम ने मां वैष्णो जय भवानी स्वीट हाउस में रखी मिठाई खाने को उनके मालिक से कहा। हालांकि, दुकानदार ने अधिकारियों की बात अनसुनी कर दी और मिठाइयाँ खाने से इनकार कर दिया। इसके बाद, अधिकारियों ने सारी मिठाइयाँ हटवाकर पास के जंगल में फेंकवा दीं।

अधिकारियों ने कई दुकानों से लिए सैंपल

बता दें कि खाद्य विभाग की टीम ने मौदहा में कई मिठाई दुकानों पर कार्रवाई की। इस दौरान अधिकारियों ने दूकान में मौजूद मिठाइयों के नमूने लिए और जांच के लिए लैब भेजे। जांच में कई दुकानों में गंदगी मिली। वहीं, कुछ मिठाइयों में प्रतिबंधित सिल्वर फॉयल इस्तेमाल की भी बात सामने आई है। प्रशासन ने बताया है कि लैब से जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई करेंगे। इस दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों को साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर भी कुछ निर्देश दिए हैं।

कार्रवाई से दुकानदारों की उड़ी नींद?

दूसरी तरफ, प्रशासन की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। दुकानदारों की नींद उड़ गई। छापेमार टीम में खाद्य विभाग के सहायक कमिश्नर गोरी शंकर, खाद्य सुरक्षा अधिकारी मृत्युंजय कुमार सहित कई बड़े अधिकारी शामिल रहे। मौके पर सर्कल ऑफिसर राजकुमार पांडे और स्टेशन हाउस ऑफिसर संतोष कुमार भी पुलिस बल के साथ छापेमारी करने पहुंचे हुए थे। अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के मौसम में जो लोग लोगों की सेहत से खिलवाड़ करेंगे, उन्हें किसी भी हाल में छोड़ा नहीं जाएगा। मिलावट के खिलाफ लगातार हम कार्रवाई कर रहे है और सजा भी दी जा रही है।

Shivangi Shandilya

शिवांगी शांडिल्य पत्रकारिता में पिछले 2 वर्षों से सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम के अलावा आद्यात्मिक खबरें लिखना पसंद हैं। गलगोटिया विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। IGNOU से मास्टर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई जारी है। इस दौर में वेबसाइट पर लिखने का कार्य जारी है। पत्रकारिता की शुरुआत इंडिया न्यूज़ (इनखबर) से हुई, जहां बत्तौर हिन्दी सब-एडिटर के रूप में वेबसाइट पर काम किया। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में जन्म लेने वाली शिवांगी की शिक्षा उनके गृह जिले में ही हुई है। शिवांगी को राजनीतिक घटनाक्रम पर आलेख लिखना बेहद पसंद है।