नागपुर में एक ही लड़की के प्यार में भिड़े दो गैंगस्टर, एक की चाकू गोदकर हत्या, दूसरा गया जेल

Summary :

महाराष्ट्र के नागपुर में एक लव ट्रायंगल के कारण दो साथी गैंगस्टरों के बीच चाकूबाजी हुई, जिसमें एक की मौत हो गई। नागपुर के सुंदरबन इलाके में 27 वर्षीय कुख्यात गैंगस्टर गौरव पंकज रगड़े की हत्या उसके ही दोस्त और साथी गैंगस्टर गौरव रामभाऊ राउत और अभिषेक वासनिक ने चाकू घोंपकर कर दी।

महाराष्ट्र के नागपुर से लव ट्रायंगल का ऐसा मामला सामने आया है, जिसे सुनकर आपके रोंगटे खड़े हो जाएंगे। नरेंद्र नगर के सुंदरबन इलाके में लड़की के चक्कर में दो साथी गैंगस्टर के बीच चाकूबाजी हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों गैंगस्टर को एक ही लड़की से प्यार था, इसके चलते दोनों में दुश्मनी हुई और चाकू चल गए। इस वारदात में एक गैंगस्टर की मौत हो गई, जबकि दूसरे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

लड़की के चक्कर में दोस्त ने दोस्त को मारा

नागपुर के सुंदरबन इलाके में 27 वर्षीय अपराधी गौरव पंकज रगड़े की उसके दोस्त और हमउम्र गैंगस्टर गौरव रामभाऊ राउत ने अपने साथी अभिषेक वासनिक के साथ मिलकर चाकू घोंपकर हत्या कर दी। मृतक गौरव रगड़े ‘गमछू’ हत्याकांड समेत हत्या, हत्या के प्रयास और डकैती जैसे करीब नौ गंभीर मामलों में आरोपी था। वारदात से सिर्फ दो हफ्ते पहले ही वह जमानत पर जेल से बाहर आया था।

पुलिस के अनुसार, हत्या की मुख्य वजह एक ही लड़की (रानी) के प्रेम प्रसंग को लेकर हुआ विवाद था। जेल जाने से पहले रगड़े का रानी से संबंध था, लेकिन उसके जेल में रहने के दौरान राउत रानी के करीब आ गया था और उसने अपराध की दुनिया छोड़ दी थी।

रानी को वापस पाने पहुंचा पुराना प्रेमी, किया हंगामा

रानी ने गैंगस्टर राउत के साथ मिलकर नरेंद्र नगर में एक क्लाउड किचन शुरू किया था और दोनों एक किराए के मकान में साथ रहने लगे थे। लेकिन, दो हफ्ते पहले ही रानी का पुराना प्रेमी और कुख्यात गैंगस्टर गौरव रगड़े जमानत पर जेल से बाहर आया और उसकी तलाश करने लगा।

गुरुवार दोपहर को जब रानी और राउत अपने कुछ दोस्तों के साथ घर पर थे, तभी हाथ में चाकू लिए रगड़े वहां पहुंच गया। उसने रानी को वापस पाने के लिए जमकर हंगामा किया, घर के बाहर गाली-गलौज की, पत्थर फेंके और तोड़फोड़ की। इस अफरा-तफरी के बीच जब राउत और उसके साथी पीछे के दरवाजे से निकलने की कोशिश कर रहे थे, तो रगड़े ने उन्हें देख लिया और गुस्से में चाकू लेकर उनकी तरफ दौड़ पड़ा।

चाकू छीनकर रगड़े पर किए ताबड़तोड़ वार

भागने की कोशिश कर रहे राउत और उसका दोस्त वासनिक जैसे ही सुंदरबन नाले के पास पुलिया के पास पहुंचे, रगड़े ने उन्हें घेर लिया। दोनों पक्षों में हुई हाथापाई के दौरान रगड़े का बैलेंस बिगड़ा और वह नीचे गिर पड़ा। इसी का फायदा उठाकर राउत और वासनिक ने उससे चाकू छीन लिया और उसी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। रगड़े को लहूलुहान हालत में जमीन पर तड़पता छोड़कर वह दोनों वहां से फरार होने लगे।

जब स्थानीय लोगों ने शोर मचा दिया, ये सुनकर गश्त लगा रहे पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने गंभीर रूप से घायल रगड़े को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दूसरी तरफ, पुलिस ने करीब डेढ़ किलोमीटर तक पीछा कर मुख्य आरोपी राउत को धर दबोचा और उसके पास से वारदात में इस्तेमाल किया हथियार भी बरामद कर लिया। बेलतरोडी थाने में राउत और वासनिक के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर राउत को सलाखों के पीछे भेज दिया गया है।

Also Read: रोहतक में बड़ी साजिश नाकाम! पुलिस मुठभेड़ में पकड़े गए भाऊ गैंग के दो शूटर

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।