नोएडा से अंसल हाइटेक टाउनशिप के बिल्डर के गिरफ़्तारी की ख़बर आई है। बताया जा रहा है कि, जिला प्रशासन ने Ansal Hi-Tech टाउनशिप के बिल्डर दिनेश प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। बिल्डर को उत्तर प्रदेश भू संपदा विनियामक प्राधिकरण (UP RERA) के रिकवरी सर्टिफिकेट का बकाया नहीं देने पर गिरफ़्तार किया गया। लगभग 24 घंटे तक हवालात में रखने के बाद भी बिल्डर ने आरसी का 23.70 करोड़ बकाया रूपए जमा नहीं कराया। जिसके बाद सदर तहसील की टीम ने बिल्डर को जेल भेज दिया। आरसी का पैसा जमा नहीं करने पर बिल्डर को कई बार नोटिस जारी किया गया था।
बिल्डर के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया
बिल्डर के प्रोजेक्ट पर मुनादी कराई गई थी लेकिन पैसा जमा नहीं कराया गया। बिल्डर के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया। बृहस्पतिवार की शाम अंसल हाईटेक टाउनशिप के निदेशक दिनेश प्रताप सिंह को नोएडा से गिरफ्तार कर दादरी तहसील की हवालात में बंद कर दिया गया। शुक्रवार की शाम तक पैसा जमा नहीं करने पर दिनेश प्रताप को जिला जेल भेज दिया गया। अब बिल्डर की अचल संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी।
दिनेश प्रताप सिंह फिलहाल मिग्सन ग्रुप में कार्यरत है
एसडीएम सदर ने बताया है कि दिनेश प्रताप सिंह फिलहाल मिग्सन ग्रुप में कार्यरत है। लेकिन रिकॉर्ड ऑफ कंपनी (आरओसी) की वेबसाइट पर अंसल हाईटेक टाउनशिप के निदेशक हैं। इसी के आधार पर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है। मिगसन ग्रुप ने इस कार्रवाई में किसी भी तरीके का संबंध होने से इनकार किया है।


Download Android App
Download iOS App



