नोएडा: आर्थिक तंगी से परेशान मां-बेटे ने की आत्महत्या की कोशिश, अस्पताल में भर्ती

Summary :

बेटा दिल्ली रेफर, स्थिति नाजुक

नोएडा के क्लियो काउंटी सोसायटी में आर्थिक तंगी से त्रस्त एक महिला और उसके बेटे ने आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें गंभीर स्थिति में अस्पताल पहुंचाया, जहां बेटे की हालत नाजुक है और उसे दिल्ली रेफर किया गया है। घटना ने सोसायटी में मानसिक स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

नोएडा के थाना फेज-3 क्षेत्र स्थित एक हाई-प्रोफाइल सोसायटी ‘क्लियो काउंटी’ से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां आर्थिक तंगी से जूझ रही एक महिला और उसके बेटे ने आत्महत्या का प्रयास किया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। बेटे की स्थिति नाजुक बताई जा रही है, जिसे बेहतर इलाज के लिए दिल्ली रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार, घटना 10 जून 2025 की है। पीड़ित महिला के भाई, जो महिला के बेटे के मामा भी हैं, ने थाना फेस-3 पुलिस को सूचना दी कि उनकी बहन और भांजा कई बार कॉल करने के बावजूद फोन नहीं उठा रहे हैं और किसी भी प्रकार का संपर्क नहीं हो पा रहा है। इस पर पुलिस तत्काल हरकत में आई और एक टीम क्लियो काउंटी सोसायटी में स्थित उनके फ्लैट पर पहुंची।

स्थानीय सोसायटी स्टाफ की मदद से पुलिस ने फ्लैट का दरवाजा खुलवाया। वीडियो रिकॉर्डिंग करते हुए पुलिस टीम जैसे ही अंदर पहुंची, तो देखा कि महिला (उम्र करीब 55 वर्ष) और उसका बेटा (उम्र करीब 25 वर्ष) बेहोशी की हालत में पड़े हुए हैं। जांच में सामने आया कि दोनों ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। तुरंत दोनों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

Noida: फिल्म सिटी निर्माण की उलटी गिनती शुरू, जल्द रखी जाएगी आधारशिला

अस्पताल सूत्रों के अनुसार, महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है, जबकि बेटे की हालत गंभीर होने के चलते उसे दिल्ली के एक बड़े अस्पताल में रेफर किया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल की बारीकी से जांच की जा रही है और सभी साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आर्थिक तंगी से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।

फ्लैट से कुछ दस्तावेज और एक संदिग्ध नोट भी बरामद हुआ है, जिसकी जांच की जा रही है। फिलहाल मां और बेटे दोनों उपचाराधीन हैं और बयान के लिए पुलिस उनके होश में आने का इंतजार कर रही है। पुलिस का कहना है कि अन्य सभी पहलुओं पर गहराई से जांच की जा रही है और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने सोसायटी के अन्य निवासियों को भी स्तब्ध कर दिया है और लोगों में मानसिक स्वास्थ्य को लेकर चिंता का माहौल है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.