बोटैनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन पर CISF टीम के साथ Noida Police ने की सुरक्षा ड्रिल

Summary :

बोटैनिकल गार्डन मेट्रो पर सुरक्षा ड्रिल से बढ़ी सुरक्षा

बोटैनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन पर बुधवार को सीआईएसएफ और नोएडा पुलिस ने सुरक्षा ड्रिल की, जिसमें आपातकालीन प्रतिक्रिया, यात्री निकासी और संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी शामिल थी। इस अभ्यास का उद्देश्य मेट्रो परिसर में तैनात सुरक्षाबलों को किसी भी आतंकवादी या आपराधिक स्थिति में त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया देने के लिए तैयार करना था।

सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए बुधवार को बोटैनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की टीम के साथ एक विशेष सुरक्षा ड्रिल और ब्रीफिंग का आयोजन किया गया। यह आयोजन बुधवार सुबह शुरू हुआ और इसमें सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े तमाम अहम पहलुओं पर अभ्यास किया गया। इस अवसर पर सीआईएसएफ के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ क्षेत्रीय सुरक्षा एजेंसियों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डीआईजी स्तर के अधिकारी द्वारा की गई, जिसमें डीसी नोएडा और सीआईएसएफ के डिप्टी कमांडेंट ने भी भाग लिया। वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति ने इस अभ्यास की गंभीरता और महत्त्व को दर्शाया।

ड्रिल के दौरान आपातकालीन प्रतिक्रिया, मेट्रो परिसर की त्वरित तलाशी, यात्री निकासी की प्रक्रिया, विस्फोटक सामग्री की पहचान और निष्क्रियता, साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी की प्रक्रिया को अभ्यास में लाया गया। मेट्रो स्टाफ और सुरक्षा बलों के बीच समन्वय की परीक्षा भी इस अभ्यास के माध्यम से ली गई। इस सुरक्षा अभ्यास का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि भविष्य में किसी भी तरह की आतंकवादी या आपराधिक गतिविधियों की स्थिति में मेट्रो परिसर में तैनात सुरक्षाबल त्वरित और प्रभावशाली तरीके से प्रतिक्रिया दे सकें। मेट्रो यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और ऐसे अभ्यास नियमित रूप से करके सीआईएसएफ यह सुनिश्चित करता है कि हर चुनौती का सामना प्रभावशाली तरीके से किया जा सके।

गौरतलब है कि इससे पहले गौतमबुद्ध नगर पुलिस कई मॉल में जाकर वहां की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले चुकी है और मॉक ड्रिल की है। नोएडा पुलिस के साथ बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वायड की टीम भी मौजूद रही। नोएडा पुलिस की यह कोशिश है कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी फोर्सेज और सिक्योरिटी को पूरी तरह से दुरुस्त कर दिया जाए।

गौतमबुद्धनगर में बाल मजदूरी के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान, 668 बच्चों का रेस्क्यू

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.