उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के मामलों में रोजाना बढ़ोतरी हो रही है। वहीं आगरा में कोरोना वायरस महामारी के भयानक रूप लेने की चेतावनी मेयर नवीन जैन ने जारी की है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक पत्र लिखकर तुरंत कदम उठाने की अपील करने के साथ ही कहा है कि आगरा, देश का वुहान बन सकता है। इस बीच प्रमुख सचिव (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य) अमित मोहन प्रसाद ने यहां संवाददाताओं से कहा, ”प्रदेश में कुल मामले 1843 हैं । इनमें से 289 मरीज उपचार के बाद पूर्ण रूप से स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं और 29 लोगों की दुर्भाग्यपूर्ण ढंग से मौत हो गयी है । मृतकों में से अधिकांश या तो बुजुर्ग थे या फिर पहले से किसी ना किसी गंभीर रोग से ग्रस्त थे।”
उन्होंने बताया कि अब सक्रिय मामलों की संख्या 1525 है और सभी मरीजों का विभिन्न चिकित्सालयों में इलाज चल रहा है । कोरोना वायरस संक्रमण से राज्य के कुल 58 जिले प्रभावित हैं। प्रसाद ने बताया कि जहां तक नमूनों की जांच की बात है, कल 3876 नमूने जांचे गये और 3415 नमूने प्रयोगशालाओं में भेजे गये । उन्होंने बताया कि संक्रमण से प्रभावित पुरूष 79 । 1 फीसदी जबकि महिलाएं 20 । 85 फीसदी हैं।
मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और विजय रूपानी ने ओडिशा प्रवासियों की सुरक्षित वापसी पर की चर्चा
प्रसाद ने दोहराया कि घर के बुजुर्गों को इस संक्रमण से बचाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा, ‘‘ इस संक्रमण से घबराने की नहीं बल्कि बचाव करने की जरूरत है । सोशल डिस्टेंसिंग का कडाई से पालन करना है । एक मीटर से अधिक दूरी बनाकर रखेंगे तो संक्रमण की संभावना बहुत कम रहती है । चेहरे को मास्क, गमछे, दुपटटे या रूमाल से ढांकें । हाथ को साबुन और पानी से कम से कम 30 सेकण्ड तक धोयें । प्रतिरोधक क्षमता बढाने के लिए योग करें । नीम का सेवन करें । तुलसी और अदरख का काढा पियें । अजवाइन लें और गर्म पानी पीते रहें ।’’


Download Android App
Download iOS App



