सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने नीतीश-तेजस्वी पर जाति जनगणना को लेकर तंज कसा है। उन्होंने कहा, “इन सभी पार्टियों को जल्द से जल्द जनगणना शुरू कर देनी चाहिए जिससे सभी लोगों को पता चले कि आप सभी के हितकारी हैं।”
जल्द से जल्द शुरू कर देनी चाहिए जाति जनगणना
बिहार में नीतीश कुमार के शपथ लेते ही ओमप्रकाश राजभर ने अपने चुटीले अंदाज में जेडीयू, आरजेडी और कांग्रेस पर एक साथ निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ये तीनों दल जाति जनगणना में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को बाधक बताते थे। अब तो इन सभी पार्टियों की सरकार है तो उन्हें जाति जनगणना जल्द से जल्द शुरू कर देनी चाहिए।
साबित करिये कि आप पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक को हिस्सा देना चाहते हैं
एक ट्वीट और अपने बयान में ओमप्रकाश राजभर ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मांग करते हुए कहा, “बिहार से ही जातिगत जनगणना शुरू करिए। आप लोग मिलकर बिहार में छह माह के भीतर जातिगत जनगणना करा लीजिए। जिससे ये साबित हो कि आप पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक को हिस्सा देना चाहते हैं। जिससे ये साबित हो कि जिसकी जितनी भागेदारी है, उसकी उतनी हिस्सेदारी मिलेगी।”
पूरे देश में जातिगत जनगणना हो
राजभर ने कहा, मैंने टीवी, अखबार और सोशल मीडिया के माध्यम से पढ़ा है कि बार-बार नीतीश कुमार जातिगत जनगणना की मांग करते रहे हैं। वे बार-बार बताते रहे हैं कि भाजपा बाधक बन रही है। अब तो भाजपा बाधक नहीं है। आपके सहयोगी भी चाहते हैं कि जातिगत जनगणना हो। सुभासपा चाहती है कि पूरे देश में जातिगत जनगणना हो। जिससे सभी को अपना हक मिले।


Download Android App
Download iOS App



