बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (बीएचयू) के 15 फरवरी को लापता हुए छात्र का अभी तक कोई सुराग नहीं लगा कि सोमवार को यूनिवर्सिटी का एक और छात्र लापता हो गया है। बिहार के कैमूर जिले का रहने वाला बीए फर्स्ट इयर का स्टूडेंट शिब्लू अली 27 अगस्त को दस्तावेज जमा करने बिहार से बीएचयू आया था।
यूनिवर्सिटी में पहुंचने के बाद अली ने अपने परिवार को यह जानकारी दी कि उसने दस्तावेज जमा कर दिए हैं और वो दो दिन बाद वापस लौटेगा, लेकिन तब से ही उसका फोन बंद है। बाद में छात्र ने किसी अन्य नंबर से अपने भाई नौशाद को फोन कर कहा कि उसे एक-दो दिन और लगेंगे।

इसके बाद भी जब अली वापस नहीं आया तो उसके पिता सरताज अली उसे देखने के लिए वाराणसी पहुंचे। इसके बाद सरताज अली ने 3 सितंबर को लंका थाने में अली की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। लंका थाने के इंस्पेक्टर महेश पांडे ने कहा कि पुलिस मामले को देख रही है और अली के बारे में जानकारी पाने के लिए पोस्टर लगाए गए हैं।
इससे पहले मध्य प्रदेश का एक छात्र शिव कुमार 15 फरवरी को बीएचयू में ही लापता हो गया था। इलाहाबाद हाई कोर्ट में एक याचिका दायर की गई है जिसमें एसएसपी को इस मामले में 22 सितंबर को अदालत में उपस्थित होने के लिए कहा गया है।


Download Android App
Download iOS App



