दिल्ली से सटे नोएडा में कोरोना वायरस के मामलों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। नोएडा के जेपी हॉस्पिटल में ऑपरेशन कराने आई एक महिला मरीज में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि होने के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल के उस तल को खाली करा लिया है जहां पर मरीज भर्ती थी।
अस्पताल को संक्रमण मुक्त किया जा रहा है। मरीज को अस्पताल के ही पृथक वार्ड में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। महिला का ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर और ऑपरेशन से जुड़े सभी स्टाफ को भी पृथक वास में रहने को कहा गया है। गौतम बुद्ध नगर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी ए पी चतुर्वेदी ने बताया कि अग्नाशय कैंसर से पीड़ित महिला मुजफ्फरनगर से नोएडा के सेक्टर-128 स्थित जेपी हॉस्पिटल में सात अप्रैल को ऑपरेशन कराने पहुंची।
ओडिशा में कोरोना वायरस के 2 नए मामलें आए सामने, संक्रमितों का आकंड़ा 50 तक पहुंचा
उन्होंने बताया कि डॉक्टरों ने महिला को भर्ती कर उसका ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के बाद महिला में कोरोना वायरस के लक्षण नजर आने के बाद अस्पताल प्रशासन ने महिला की जांच कराई। जांच में संक्रमण की पुष्टि हुई। सीएमओ ने बताया कि अस्पताल की तरफ से सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उस तल को खाली करा लिया जहां मरीज भर्ती थी। महिला का ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर, स्टाफ नर्स समेत सभी ओटी तकनीशियों को भी पृथक वास में रहने को कहा गया है।
सीएमओ ने बताया कि महिला को जेपी अस्पताल के ही पृथक वार्ड में रखा गया है और उसका इलाज किया जा रहा है। मरीज में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद अस्पताल में मौजूद लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। सात अप्रैल से अब तक जितने लोगों ने वहां पर अपना उपचार कराया है वे काफी सशंकित हैं। काफी लोग अपने-अपने घर में ही पृथक रह रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



