उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव अब आखिरी दौर में है, ऐसे में सत्ता में बैठी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपनी तरफ से जनता को लुभाने की हर तरह से पूरी जोर आजमाइश कर रही है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनावों को ‘सत्ता समर्थक’ चुनाव करार दिया। उन्होंने कहा कि लोग खुद मौजूदा सरकार को सत्ता में बनाए रखने के लिए लड़ रहे हैं।
इस चुनाव में यह मेरी आखिरी जनसभा है-पीएम
वाराणसी के खजूरी में आयोजित एक जनसभा में मोदी ने दावा किया कि पूरा उत्तर प्रदेश एकजुट होकर कह रहा है कि यूपी में आएगी तो भाजपा ही, आएंगे तो योगी ही। प्रधानमंत्री ने कहा, “इस चुनाव में यह मेरी आखिरी जनसभा है। उत्तर प्रदेश ने शायद दशकों में ऐसा चुनाव नहीं देखा होगा, जिसमें कोई सरकार अपने काम, ईमानदार छवि, भेदभाव और पक्षपात रहित विकास तथा बेहतर कानून व्यवस्था के दम पर जनता जर्नादन का आर्शीवाद मांग रही है।”
पीएम बोले- ‘परिवारवादी’ उन्हें नापसंद करने के कारण
मोदी ने कहा, “यह चुनाव ‘सत्ता समर्थक’ चुनाव है। कैराना से लेकर काशी तक, बांदा से लेकर बहराइच तक, हर नागरिक ‘डबल इंजन’ की सरकार के लिए ही हुंकार भर रहा है। पूरा उत्तर प्रदेश एकजुट होकर कह रहा है कि आएगी तो भाजपा ही, आएंगे तो योगी ही।” प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि ‘परिवारवादी’ उन्हें नापसंद करने के कारण ‘लोकल के लिए वोकल’ और स्वच्छ भारत अभियान जैसी पहलों का मजाक उड़ा रहे हैं।
यूपी के मिर्जापुर में दिलचस्प है सियासी लड़ाई, भाजपा-सपा में देखने को मिल रहा कड़ा मुकाबला
विपक्ष यूक्रेन मुद्दे पर भी राजनीति करने में जुटा हुआ है
उन्होंने कहा कि विपक्ष यूक्रेन मुद्दे पर भी राजनीति करने और लोगों की मुश्किलें बढ़ाने में जुटा हुआ है। कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए मोदी ने कहा कि खादी से वर्षों तक राजनीतिक लाभ उठाने वाली पार्टी आज उसका नाम लेने से हिचकिचाती है। प्रधानमंत्री ने दावा किया कि उनकी सरकार ने खादी और योग को अंतरराष्ट्रीय ब्रांड बनाया है। वाराणसी में अंतिम चरण में सात मार्च को मतदान होना है।


Download Android App
Download iOS App



