प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 जुलाई को अपने लोकसभा क्षेत्र वाराणसी का दौरा करेंगे और 1500 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री वाराणसी में अंतरराष्ट्रीय सहयोग एवं सम्मेलन केंद्र ‘रुद्राक्ष’ का उद्घाटन करेंगे, जो प्राचीन शहर काशी की सांस्कृतिक समृद्धि की झलक प्रस्तुत करेगा।
अधिकारियों ने बताया कि इस सम्मेलन केंद्र में 108 रुद्राक्ष लगाए गए हैं और इसकी छत शिवलिंग के आकार में बनाई गई है। यह पूरी इमारत रात में एलईडी लाइट से जगमगाएगी। यह दो मंजिला केंद्र सिगरा क्षेत्र में 2.87 हेक्टेयर भूमि पर बनाया गया है और इसमें 1,200 लोगों के बैठने की क्षमता है।
अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना का उद्देश्य वाराणसी में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र में लोगों को सामाजिक और सांस्कृतिक संवाद के अवसर प्रदान करना है। यह अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों, प्रदर्शनियों, संगीत समारोहों और अन्य कार्यक्रमों के आयोजन के लिए उचित जगह है तथा इसके गलियारे को भित्ति चित्रों से सजाया गया है।
‘जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी’ से सहायता प्राप्त ‘वाराणसी इंटरनेशनल कोऑपरेशन एंड कन्वेंशन सेंटर’ (वीसीसी) के मुख्य हॉल को जरूरत पड़ने पर छोटे स्थानों में विभाजित किया जा सकता है।


Download Android App
Download iOS App



