उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में शानदार काम कर रही है। तो वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी लगातार उत्तर प्रदेश के विकास को लेकर काफी गंभीर है। इसी को लेकर पीएम मोदी 25 अक्टूबर को सिद्धार्थनगर आएंगे और यहीं से उत्तर प्रदेश के सात नवनिर्मित मेडिकल कालेजों का लोकार्पण करेंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को यहां पत्रकारों को यह जानकारी दी।
वह मोदी के 25 अक्टूबर को सिद्धार्थनगर आगमन की तैयारियों का जायजा लेने आज सिद्धार्थनगर जिला मुख्यालय पहुंचे थे। उन्होंने नवनिर्मित मेडिकल कॉलेज भवन और उसके परिसर का मुआयना किया और प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर जिले के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ तैयारियों को लेकर बैठक की।
आज मैं यहां प्रधानमंत्री के आगमन पर तैयारियो की समीक्षा करने आया हूँ- योगी
करीब आधे घंटे तक चली बैठक के बाद योगी ने पत्रकारों से कहा, ”आज मैं यहां प्रधानमंत्री के आगमन पर तैयारियो की समीक्षा करने आया हूँ। मेडिकल कॉलेजों की एक श्रृंखला उत्तरप्रदेश में शुरू की गई है और राज्य के सात जनपदों– सिद्धार्थनगर, देवरिया, मिर्ज़ापुर, एटा, हरदोई, गाजीपुर और बहराइच के नवनिर्मित मेडिकल कॉलेज को मेडिकल काउंसिल आफ इंडिया (एमसीआई) से मान्यता मिल चुकी है।”
नेपाल के लोग भी लाभान्वित होंगे
उन्होंने बताया कि 25 अक्टूबर को इन सात मेडिकल कॉलेजों का लोकार्पण प्रधान मंत्री मोदी सिद्धार्थनगर से करेंगे और यहां इसकी सारी तैयारियां पूरी हो चुकी है। उन्होंने बताया कि सिद्धार्थनगर के मेडिकल कॉलेज से पड़ोसी जनपदों के अलावा पड़ोसी मुल्क नेपाल के लोग भी लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि इस मेडिकल कॉलेज का नाम भारतीय जनता पार्टी के पहले प्रदेश अध्यक्ष माधव प्रसाद त्रिपाठी उर्फ माधव बाबू के नाम पर रखा जाएगा। माधव बाबू सिद्धार्थनगर ज़िले के बांसी विधानसभा क्षेत्र के निवासी थे।


Download Android App
Download iOS App



