कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने रविवार को शिक्षा जैसे मुद्दे पर ध्यान नहीं देने के लिए उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर निशाना साधा। कानपुर की 18 वर्षीय छात्रा महिमा आर्थिक तंगी के कारण अपनी पढ़ाई जारी नहीं रख सकी और उसने खुदकुशी कर ली। इसी घटना का हवाला देते हुए प्रियंका ने कहा, “भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) की उत्तर प्रदेश सरकार इस प्रकार के किसी भी मुद्दे पर ध्यान नहीं दे रही है।”
प्रियंका ने इस मुद्दे को उठाते हुए ट्वीट किया, “आर्थिक तंगी से जूझ रही महिमा पढ़ाई नहीं कर पाई तो उसने अपनी जान दे दी। उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार का ध्यान ऐसे किसी मुद्दे पर नहीं जाता है। हम सब को यह संकल्प लेना चाहिए कि हर महिमा की शिक्षा और सुरक्षा के हक को कायम करेंगे।”

प्रियंका ने ट्वीट के साथ एक लड़की की तस्वीर पोस्ट की, जिसके साथ एक समाचार पत्र की रिपोर्ट भी थी। रिपोर्ट में कहा गया है कि जब महिमा 10वीं के बाद अपनी पढ़ाई जारी नहीं रख पाई तो उसने फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली। एक अन्य ट्वीट में प्रियंका ने कहा, “राजनीति का मकसद जनता के मुद्दों को प्राथमिकता देने का है। शिक्षा, रोजगार, किसानों की मदद..लेकिन यह गैरजिम्मेदार सरकार सिर्फ फूट डालने में व्यस्त रहती है।”

खबरों के अनुसार, महिमा एक रिक्शा चालक की बेटी थी। उसकी मां ने उसे पंखे से लटकता पाया था। शुरुआती जांच में उसकी खुदकुशी का कारण यह पता चला है कि आर्थिक तंगी के चलते उसे 10वीं के बाद अपनी पढ़ाई छोड़नी पड़ी थी, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया।


Download Android App
Download iOS App



