राज्य सरकार ने शुक्रवार को यह जानकारी दी कि राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन के चलते देश के विभिन्न राज्यों से 13.5 लाख प्रवासी श्रमिक एवं कामगार ट्रेन, बस और अन्य वाहनों के जरिए उत्तर प्रदेश लौटे हैं। अपर मुख्य सचिव (गृह एवं सूचना) अवनीश कुमार अवस्थी ने शुक्रवार को दावा किया कि यह संख्या अपने आप में एक रिकार्ड है।
अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रवासी श्रमिकों एवं कामगारों से अपील की है कि वे पैदल या साइकिल या फिर ट्रकों पर सवार होकर ना आयें। उनके लिए ट्रेन और बस का इंतजाम किया गया है। वे उन्हीं साधनों से आयें।
उन्होंने बताया कि देश के विभिन्न हिस्सों से आज इस समय तक प्रदेश में 380 ट्रेनें आ चुकी हैं। एक मार्च से 30 अप्रैल तक प्रदेश में साढे छह लाख लोग आये हैं। करीब चार लाख 70 हजार लोग ट्रेन से आये । अवस्थी ने कहा, ‘‘डेढ लाख से अधिक लोग निजी वाहनों से आये हैं। अब तक प्रदेश में 13 लाख 50 हजार लोग आ चुके हैं।”
उन्होंने बताया कि इन लोगों को अलग अलग जिलों में पृथक-वास केंद्रों में ले जाया गया है।
अवस्थी ने बताया, ‘‘आज ही नोएडा और गाजियाबाद से ट्रेनें चल रही हैं । बिहार सरकार ने सहमति दी है। आज ही गाजियाबाद और नोएडा से कुछ ट्रेनें विशेषकर पूर्वांचल के लिए चल रही हैं।’’ लोगों को घर पहुंचाने के लिये रोडवेज की नौ हजार 267 बसें लगाई गई हैं। कुल 11964 बसें उत्तर प्रदेश राज्य सडक परिवहन निगम :यूपीएसआरटीसी: ने घर लौट रहे प्रवासी कामगारों के लिए लगायी हैं।


Download Android App
Download iOS App



