भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद एवं पूर्व मंत्री रीता बहुगुणा जोशी ने पश्चिम बंगाल में पार्टी की जीत का भरोसा जताते हुये कहा कि विधानसभा चुनाव में इस बार मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इमोशनल कार्ड नहीं चल पायेगा।
रीता बहुगुणा जोशी ने बुधवार को यहां पत्रकारों से कहा कि ममता बनर्जी इमोशनल कार्ड खेल रही है लेकिन उससे कोई भी फायदा नहीं होगा क्योंकि बंगाल का जनमत भाजपा के साथ हैं और भाजपा सरकार बंगाल में काबिज होने को तैयार है।
उन्होंने कहा कि भाजपा उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव को मजबूती के साथ लड़ रही है। पार्टी ने तय किया है कि पहली दफा घोषित करके पंचायत का चुनाव लड़ जाए। इसमें जिला पंचायत के सदस्यों ओर ब्लॉक प्रमुखों का चुनाव लड़ जायेगा। जब भाजपा जिला पंचायत के अध्यक्ष का चुनाव लड़गी तो निश्चित है कि पार्टी की मजबूती ग्राम स्तर तक होगी। इससे पार्टी को निचले स्तर तक फायदा पहुंचेगा क्योंकि ग्राम पंचायत स्तर पर पार्टी अब से पहले कभी अपने उम्मीदवार नहीं उतारा करती थी।
प्रयागराज की सांसद ने कहा कि भाजपा पार्टी है जो साल के 12 माह काम करते हैं और लोगों के बीच रह करके अपनी बात को प्रस्तुत करती है। कभीकभार ऐसा भी होता है कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाएं प्रचार के अभाव में आम लोगों तक नहीं पहुंच पाती हैं और इसीलिए यह तय किया गया है कि अब केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का प्रचार प्रसार भी ग्राम स्तर तक किया जाएगा ताकि लोगों को इस बात का अहसास हो सके की भारतीय जनता पार्टी किस तरह के काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने से पहले उत्तर प्रदेश विकास के पैमाने पर 24 में या फिर 25 में नंबर पर था लेकिन आज योगीराज में पहले और दूसरे नंबर पर आ गया है। हर चीज में हम लोग आगे बढ़ गए हैं इसके लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बहुत-बहुत बधाई के पात्र हैं। उन्होने अपराध को भी व्यापक तौर पर कम किया है संगठित अपराध करीब-करीब समाप्त हो चुका है जो बाकी अपराध है उन पर अंकुश लगाने की कोशिश में पुलिस व प्रशासन के अधिकारी लगे हुए हैं।


Download Android App
Download iOS App



