लखनऊ-हरदोई रोड पर दो बसों की भिड़ंत में 6 लोगों की मौत, 8 घायल

Summary :

जॉइंट कमिश्नर नवीन अरोड़ा ने बताया कि दो रोडवेज बसों के आपस में टकराने से एक बस चालक सहित 6 की मौत और 8 लोग घायल हो गए हैं।

उत्तर प्रदेश में लखनऊ-हरदोई रोड पर बुधवार को हुई भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 के घायल होने की खबर है। हादसा इस वक्त हुआ जब लखनऊ-हरदोईरोड पर बुधवार सुबह यूपी रोडवेज की दो बसें एक दूसरे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बसों के परखच्चे उड़ गए।
जॉइंट कमिश्नर नवीन अरोड़ा ने बताया कि दो रोडवेज बसों के आपस में टकराने से एक बस चालक सहित 6 की मौत और 8 लोग घायल हो गए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिनमें से कई की हालत गंभीर बनी हुई है। एक बस हरदोई से लखनऊ आ रही थी और दूसरी लखनऊ से हरदोई जा रही थी। 
सूत्रों के मुताबिक दोनों बसें काफी स्पीड में थी जब टक्कर हुई। घटनास्थल पर पहुंच कर पुलिस ने घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। मरने वालों की पहचान होना अभी बाकी है। इसके साथ ही यूपी रोडवेज के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए और घायलों की मदद की।

Desk Team