समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) ने राज्यसभा के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम फाइनल कर लिए हैं। पार्टी ने अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव, मशहूर वकील कपिल सिब्बल और जावेद अली खान के नाम तय किए है। कपिल सिब्बल पहले कांग्रेस पार्टी से भी राज्यसभा के सदस्य रह चुके हैं।
सिब्बल को राज्यसभा भेज एक तीर से दो निशाने साधेंगे अखिलेश
अखिलेश की योजना कपिल सिब्बल के माध्यम से आजम खान को मनाने के साथ-साथ कांग्रेस के एक बड़े चेहरे को साथ जोड़कर पार्टी को बड़ा झटका देने की भी है। आजम इन दिनों बगावती तेवर अपनाए हुए हैं। आजम खान 27 माह बाद सीतापुर जेल से बाहर निकले हैं। कोर्ट में उनकी पैरवी पूर्व केंद्रीय मंत्री और मशहूर वकील कपिल सिब्बल ने की है।
जावेद अली खान के साथ मुस्लिम चेहरे पर दांव
जावेद अली खान के साथ अखिलेश ने मुस्लिम चेहरे पर भी दांव आज़माया है। जावेद अली खान सपा के खाते से पहले भी राज्यसभा सदस्य रह चुके हैं। हालांकि इससे पहले मुस्लिम चेहरे को लेकर कई नामों पर सस्पेंस बना हुआ था, जिसमें इमरान मसूद और सलीम शेरवानी शामिल थे।
समाजवादी पार्टी के पास 112 एमएलए (MLA) हैं। सहयोगी पार्टियों के विधायकों को जोड़ दें तो ये संख्या 125 हो जाती है। एक सीट के लिए कम से कम 37 वोट चाहिए। इस हिसाब से पार्टी ने 3 लोगों के नाम तय किए है। बता दें कि राज्यसभा की 11 सीट के लिए 24 मई से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो रही है।


Download Android App
Download iOS App



