उत्तर प्रदेश की सीतापुर जेल में बंद समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान की तबीयत फिर बिगड़ गई है जिसके बाद सोमवार को उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल ले जाया गया। सीतापुर जिला कारागार के जेलर आरएस यादव ने बताया कि आजम को आज सुबह सांस लेने में तकलीफ हुई। जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने उनकी जांच की, तो उनका ‘ऑक्सीजन’ का स्तर कम पाया गया।
इसके बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें लखनऊ के अस्पताल ले जाने की सलाह दी । उन्होंने बताया कि पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान को लखनऊ के मेदांता अस्पताल भेजा गया है, जहां कुछ दिन पहले भी उनका इलाज चला था। आजम को पुलिस सुरक्षा के साथ एक एम्बुलेंस में दोपहर करीब दो बजे लखनऊ के लिए रवाना किया गया।
गौरतलब है कि धोखाधड़ी तथा कई अन्य मामलों में सीतापुर जेल में बंद आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला इस साल मई में कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे। संक्रमित पाए जाने के बाद भी उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अभी कुछ दिन पहले ही आजम खान को अस्पताल से छुट्टी मिली थी। करीब ढाई महीने तक उनका कोरोना का इलाज चला था। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद एक बार फिर उन्हें सीतापुर जेल में ही ले जाया गया था।


Download Android App
Download iOS App



