समाजवादी पार्टी (सपा) के एक वरिष्ठ नेता ने सोमवार को कहा कि पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव 17 मार्च को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सुप्रीमो ममता बनर्जी से उनके आवास पर मुलाकात करेंगे।उन्होंने बताया कि समाजवादी पार्टी 18 मार्च से कोलकाता में अपनी दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी का आयोजन करेगी। पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी 11 साल के अंतराल के बाद कोलकाता में आयोजित होगी।

कार्यकारणी में साल के अंत में तीन हिंदी भाषी राज्यों (मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान) में विधानसभा चुनाव और 2024 में लोकसभा चुनाव के लिए नीतियों और रणनीतियों पर चर्चा की जाएगी।सपा उपाध्यक्ष किरणमय नंदा ने कहा, 17 मार्च को अखिलेश यादव जी ममता बनर्जी से उनके आवास पर मुलाकात करेंगे। यह एक शिष्टाचार भेंट है, लेकिन वे देश की राजनीतिक स्थिति पर चर्चा करेंगे।
यादव ने तृणमूल को समर्थन देने की घोषणा की
वहीं, तृणमूल सूत्रों ने बताया कि बंगाल की मुख्यमंत्री के अलावा सत्तारूढ़ दल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के भी बैठक में मौजूद रहने की संभावना है।इसके अलावा, तृणमूल के एक अन्य नेता ने कहा, ‘बैठक के दौरान केंद्रीय एजेंसियों द्वारा विपक्षी दलों को धमकाने का मुद्दा भी उठेगा।’गौरतलब है कि 2021 के बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान अखिलेश यादव ने तृणमूल को समर्थन देने की घोषणा की थी। जिसके बाद ममता बनर्जी ने भी 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान अखिलेश यादव के पक्ष में चुनाव प्रचार किया था।


Download Android App
Download iOS App



