समाजवादी पार्टी (सपा) के संरक्षक और वरिष्ठ नेता मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में शामिल हो गईं। विधानसभा चुनावों से ठीक पहले बीजेपी ने मुलायम परिवार में अब तक की सबसे बड़ी सेंध लगाई है। यूपी बीजेपी अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और पार्टी के मीडिया विभाग के प्रभारी अनिल बलूनी की मौजूदगी में अपर्णा ने कमल का दामन थामा।
बीजेपी में शामिल होते ही अपर्णा यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि मैं पार्टी को धन्यवाद करती हूं कि उन्होंने मुझे पार्टी का हिस्सा बनने का मौका दिया। मैं हमेशा से पीएम मोदी से प्रभावित रहती थी और मेरे चिंतन में हमेशा राष्ट्र सबसे पहले है और मेरे लिए राष्ट्र धर्म सबसे पहले हैं।
उपमुख्यमंत्री ने अपर्णा यादव का BJP में किया स्वागत
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मैं बीजेपी परिवार में अपर्णा यादव का स्वागत करता हूं। मुझे यह कहते हुए खुशी हो रही है कि मुलायम सिंह यादव की पुत्रवधू होने के बाद भी आपने जो विचार जो हमेशा रखे हैं, उसे देखते हुए मुझे हमेशा लगता था कि वह भाजपाई विचार की हैं। लंबे समय की चर्चा के बाद उन्होंने यह फैसला लिया कि वह बीजेपी का हिस्सा बनेंगी।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा, मैं अपर्णा यादव जी का हृदय से स्वागत करता हूं। पश्चिम यूपी में चुनाव होने वाला है और SP के शासन में गुंडागर्दी को इतना महत्व दिया जाता है कि पश्चिम यूपी में कोई बेटी सुरक्षित नहीं थी। अपर्णा को शुरू से लगता था कि योगी जी के शासन में एक अच्छा सुशासन है।
2017 में BJP की रीता बहुगुणा जोशी से हारी थीं अपर्णा
उल्लेखनीय है कि अपर्णा यादव 2017 के विधानसभा चुनाव में लखनऊ कैंट से सपा के टिकट पर चुनाव लड़ चुकी हैं। हालांकि उन्हें बीजेपी नेता रीता बहुगुणा जोशी के हाथों पराजय का सामना करना पड़ा था। पिछले कुछ दिनों से अपर्णा के बीजेपी में शामिल होने की अटकलें भी लगाई जा रही थी। वह कई मौकों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ की तारीफ कर चुकी हैं। अपर्णा यादव मुलायम सिंह की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे प्रतीक यादव की पत्नी हैं।


Download Android App
Download iOS App



