संजय सिंह का मायावती को जवाब, कहा- अंबेडकर के सपनों को केजरीवाल ने किया साकार

Summary :

आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद और यूपी प्रभारी संजय सिंह ने शनिवार को कहा कि बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती को उनकी पार्टी की आलोचना करने के बजाए दिल्ली की झुग्गियों में जाकर केजरीवाल सरकार के अच्छे कामों को देखना चाहिए।

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव ने प्रदेश की राजनीति में हो-हल्ला मचा रखा है। राजनीतिक पार्टियां एक-दूसरे पर सियासी आरोप-प्रत्यारोप का खेल खेल रही है। आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद और यूपी प्रभारी संजय सिंह ने शनिवार को कहा कि बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती को उनकी पार्टी की आलोचना करने के बजाए दिल्ली की झुग्गियों में जाकर केजरीवाल सरकार के अच्छे कामों को देखना चाहिए। केजरीवाल सरकार दिल्ली में बाबा साहब के सपनों को साकार कर रही है।
संजय सिंह का मायावती पर पलटवार
बसपा संस्थापक कांशीराम की पुण्यतिथि पर आयोजित रैली में सुश्री मायावती ने ‘आप’ का जिक्र करते हुए कहा कि उसने दिल्ली में ठीक काम नहीं किया और अब यूपी में विधानसभा चुनाव लड़ने आ गई है। इस पर पलटवार करते हुए संजय सिंह ने मायावती को सुझाव दिया कि वह दिल्ली की झुग्गियों और अनऑथराइज्ड कालोनियों में जाकर केजरीवाल सरकार के कामों को देखें, उसका अध्ययन करें। फिर आम आदमी पार्टी के विषय में कुछ कहें। उन्होने कहा कि दिल्ली सरकार देश की पहली सरकार है जिसने सरकारी स्कूलों में बाबा साहब के संविधान को पढ़ने का फैसला लिया।
आप नेता संजय ने गिनाई केजरीवाल सरकार की उपलब्धियां
उन्होने कहा कि फ्री बिजली और पानी तथा माताओं-बहनों के लिए की बस यात्रा की मुफ्त सुविधा दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने ही दिया है। इसका सर्वाधिक लाभ दिल्ली के दलितों, पिछड़ और गरीबों को मिल रहा है। दिल्ली के सरकारी स्कूलों का जिक्र करते हुए कहा कि पहले जिन स्कूलों में बच्चों को टाट पट्टी पर बैठना पड़ता था, टॉयलेट तक नहीं थे। आज उन स्कूलों में एसी है, स्विमिंग पूल और खेल के मैदान बन गए हैं। सरकार ने विश्वस्तरीय शिक्षा व्यवस्था दी है तो इसका सबसे ज्यादा लाभ समाज के वंचित वर्ग को ही मिला है।

Desk Team