सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर से प्रदेश के सभी जनपदों में पुलिस थानों, पुलिस लाइनों और समस्त कार्यालयों में ‘लौहपुरूष’ की तस्वीर लगायी जायेगी। प्रत्येक थाने/पुलिस लाइन/ समस्त पुलिस कार्यालयों में कल सुबह 11 बजे एकता दिवस शपथ ग्रहण समारोह कार्यक्रम आयोजित किये जायेगे। इसके अलावा सभी जिलों में ‘रन फार यूनिटी’ का आयोजन भी किया जायेगा।
सरदार पटेल की तस्वीर कल के कार्यक्रम के बाद भी प्रदेश के सभी पुलिस थानों में लगी रहेगी ताकि आम जनता लौह पुरूष से प्रेरणा ले सकें। अपर मुख्य सचिव (गृह) अवनीश अवस्थी ने प्रदेश के सभी जनपदों के जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को लिखे गये पत्र में कहा है, ”लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती 31 अक्टूबर को शासन द्वारा ‘राष्ट्रीय अखंडता दिवस’ के रूप में मनायी जाती है। सरदार पटेल के संदेश के साथ एक तस्वीर भेजी जा रही है। इस तस्वीर को उनके संदेश के साथ जिले के सभी पुलिस थानों, पुलिस लाइनों और पुलिस कार्यालयों में लगाया जाये ताकि आमजन और पुलिसकर्मियों को समान रूप से प्रेरणा मिल सकें।”
राजधानी लखनऊ में भी कल ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया जा रहा है। सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि सरदार पटेल की जयंती पर पटेल प्रतिमा हजरतगंज से के.डी.सिंह. बाबू स्टेडियम तक ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ‘रन फॉर यूनिटी’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। ‘रन फॉर यूनिटी’ आयोजन में मंत्री, विधायक और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं सहित आम लोग भाग लेंगे।


Download Android App
Download iOS App



