Shahjahanpur Train Accident: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में एक दर्दनाक रेल हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। रोजा रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक पार करते समय गरीब रथ ट्रेन की चपेट में आने से पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक ही परिवार के चार सदस्य और उनका एक रिश्तेदार शामिल थे। सूत्रों के मुताबिक, हरिओम नामक युवक अपने रिश्तेदार सेठपाल, उसकी पत्नी पूजा और उनके दो बच्चों को रेलवे स्टेशन छोड़ने के लिए बाइक पर सवार था। सभी लोग एक ही बाइक पर थे।

ट्रेन की चपेट में आने से 5 लोगों की मौत
इसी दौरान जैसे ही वे रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे, तेज रफ्तार गरीब रथ ट्रेन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयावह था कि दो पुरुष, एक महिला और दो मासूम बच्चों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर जीआरपी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

Shahjahanpur Train Accident: परिवार में शोक की लहर
रेलवे पुलिस अधिकारी मदनपाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला रेलवे ट्रैक अवैध रूप से पार करने का प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि ट्रेन की चपेट में आने से यह हादसा हुआ। पीड़ित परिवार के एक सदस्य ने कहा, हम लोग स्टेशन छोड़ने आए थे, किसी को अंदाजा नहीं था कि ऐसा होगा। पूरा परिवार खत्म हो गया। पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है। उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच जारी है। अधिकारियों ने लोगों से रेलवे ट्रैक पार करते समय सावधानी बरतने और नियमों का पालन करने की अपील भी की है।



Download Android App
Download iOS App




