उत्तर प्रदेश के हाथरस में 19 साल की एक युवती के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के मामले में पूरे देश में आक्रोश फैला हुआ है। वहीं इस मामले पर शिया धर्मगुरु कल्बे जव्वाद ने कहा कि आरोपियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने ऐसी घटनाओं को सरकार की नाकामी न मानते हुए कहा कि “योगी जी हर गांव में मौजूद नहीं रह सकते।”
शिया धर्मगुरु ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “हाथरस में हुई घटना पर यूपी सरकार ने कहा कि हम उसकी जांच करवाएंगे और हम भी यही चाहते हैं। इस घटना की सही तरीके से जांच हो और दोषी को फांसी की सजा मिलनी चाहिए।”
क्या इस घटना को उत्तर प्रदेश सरकार की नाकामी मानी जाए? इस सवाल के जवाब में मौलाना जव्वाद ने कहा, “नाकामी नहीं है, क्योंकि हर गांव में योगी मौजूद नहीं हैं। असली चीज तो सजा देना होती है। हमको यही देखना चाहिए कि आरोपी को, कातिल को सजा मिली या नहीं।”
उन्होंने कहा, “देर रात में अंतिम संस्कार कर दिए जाने की भी जांच होनी चाहिए कि आखिर ऐसा क्यों हुआ और ऐसे लोगों को कड़ी सजा मिलनी चहिए, तब हम समझेंगे की योगी सरकार ने इंसाफ किया है।”
हाथरस मामले पर तमाम विपक्षी पार्टियां योगी सरकार पर निशाना साध रही हैं, वहीं आम लोग भी हाथरस की बेटी को न्याय दिलाने के लिए सड़कों पर उतर आए हैं।


Download Android App
Download iOS App



