Firozabad Police Encounter : UP के फिरोजाबाद जिले में शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन के पास बदमाशों और पुलिस मुठभेड़ की बड़ी घटना घटी है। शुक्रवार को हुए इस क्रॉस फायरिंग में इटावा स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप के दो सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गए। बता दें दोनों पुलिस कर्मियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं दोनों कुख्यात अपराधी इस मुठभेड़ में ढेर हो गए हैं।
यह घटना तब घटी जब पुलिस टीम खुफिया इनपुट के आधार पर ट्रेन में सवार दो वांछित अपराधियों को दबोचने पहुंची थी। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। दोनों बदमाश तो मारे गए हैं पर एहतियातन इलाके में अभी भी भारी पुलिस बल तैनात है।
संबलपुर एक्सप्रेस के पास बिछाया था जाल

पुलिस को अपने सूत्रों से टिप मिली थी कि गाजियाबाद से झारखंड की तरफ जा रही संबलपुर एक्सप्रेस में दो शातिर अपराधी सफर कर रहे हैं। इस इनपुट पर कार्रवाई करते हुए इटावा एसओजी की टीम सुबह करीब 11:45 बजे शिकोहाबाद स्टेशन पहुंची।
पुलिस जैसे ही संदिग्धों की तरफ बढ़ी, दोनों आरोपी ट्रेन से कूदकर भागने लगे। पीछा करने पर बदमाशों ने सीधे पुलिस टीम को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

बदमाशों की तरफ से अचानक हुई इस गोलीबारी में एसओजी के सिपाही डेविड चौहान के पेट में और सिपाही पुष्पेंद्र के कंधे में गोली लग गई। खून से लथपथ दोनों जवानों को तुरंत फिरोजाबाद के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनके इलाज में जुटी है।
कॉम्बिंग में ढेर

साथी जवानों को गोली लगने के बाद पुलिस ने मोर्चा संभाला। बदमाश फायरिंग करते हुए पास के नगला कन्हई गांव के खेतों की तरफ भाग निकले। इसके बाद इटावा और फिरोजाबाद पुलिस ने संयुक्त रूप से पूरे इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन चलाया।
घेराबंदी के दौरान हुई मुठभेड़ में पहले एक बदमाश ढेर हुआ, और कुछ ही देर बाद चली दूसरी मुठभेड़ में दूसरा आरोपी भी मारा गया। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, ये दोनों अपराधी इटावा में मॉर्निंग वॉक पर निकले एक डॉक्टर से चेन स्नैचिंग की वारदात में वांछित थे।
यह भी पढ़ें – नदी के किनारे हाथ-पैर धोने गए 12 वर्षीय बच्चे को मगरमच्छ ने जिंदा निगला, पानी में पटक-पटककर नीचे ले गया


Download Android App
Download iOS App




