उत्तर प्रदेश के संसदीय कार्य राज्य मंत्री आनन्द स्वरूप शुक्ल ने बसपा के बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर ‘इस्लामिक आतंकवादियों’ के साथ खड़े होने का आरोप लगाया और कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार अंसारी को पंजाब की जेल से खींचकर लाएगी। अपने बयानों के लिए अक्सर चर्चा में रहने वाले शुक्ल ने संवाददाताओं से बातचीत में बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी को लेकर कांग्रेस पर तीखे हमले किए ।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का डीएनए समाज विरोधी तत्वों, खासकर इस्लामिक आतंकवादियों के साथ खड़े होने का है। कांग्रेस अपने चरित्र के अनुरूप मुख्तार अंसारी के सहयोग में खड़ी है। शुक्ल ने कहा कि योगी के नेतृत्व वाली सरकार मुख्तार अंसारी को पंजाब के जेल से खींच कर लाएगी। पंजाब की जेल में जो बकरा बंद है, उसकी अम्मी बहुत दिन तक खैर नहीं मना पाएगी।
उन्होंने जोर देकर कहा कि योगी सरकार सनातन आस्था और संस्कृति के विरुद्ध कार्य करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई कर रही है। मुख्तार अंसारी उत्तर प्रदेश में अनेक मामले में वांछित है। न्यायालय के निर्णय के अनुसार उसे दण्ड मिलेगा।गौरतलब है कि उच्चतम न्यायालय ने गत 26 मार्च को अपने एक आदेश में पंजाब की रोपड़ जेल में बंद मऊ से बसपा के बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी को दो हफ्ते के अंदर उत्तर प्रदेश की जेल में भेजने का आदेश दिया था।
अंसारी की पत्नी अफशां ने भाजपा के बाहुबली विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह और उनके साथियों से अपने पति की जान को खतरा बताते हुए इस सिलसिले में बुधवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को पत्र लिखकर उनसे सरकार को अंसारी की सुरक्षा का समुचित बंदोबस्त करने का आदेश देने का आग्रह किया था।


Download Android App
Download iOS App



