सोनभद्र : भीम आर्मी सोनभद्र में जमीन विवाद को लेकर गत बुधवार को हुए सामूहिक हत्याकांड के दोषियों को सजा दिलाने के लिये ग्रामीणों की तरफ से मुकदमा लड़ेगी। भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर मंगलवार को गुपचुप तरीके से सोनभद्र के उम्भा गांव पहुंचे और सामूहिक हत्याकांड के पीड़ित परिवारों से मुलाकात की।
चंद्रशेखर ने कहा कि भीम आर्मी इस जघन्य हत्याकांड के आरोपियों को सजा दिलाने के लिये ग्रामीणों की तरफ से मुकदमा लड़ेगी। वकीलों के पैनल में वह खुद भी शामिल होंगे। उन्होंने भीम आर्मी के स्थानीय साथियों से कहा कि वेसोनभद्र कांड के पीड़ितों का विवरण इकट्ठा करें। चंद्रशेखर ने पीड़ितों से कहा कि उन्हें किसी वकील के यहां जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और ना ही एक पैसा देना होगा। आप अपने घर में रहें, जब जरूरत होगी तब बुलाया जाएगा।
उन्होंने कहा ”अपराधी बिल्कुल नहीं बचेंगे। वे जिस गांव में रहते हैं, अगर वह 10 किलोमीटर के अंदर होगा तो उन्हें गांव छोड़कर जाना पड़ेगा।” गौरतलब है कि गत 17 जुलाई को सोनभद्र जिले के उम्भा—सपही गांव में जमीन के विवाद को लेकर ग्राम प्रधान यज्ञदत्त भोटिया की तरफ से हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी में 10 ग्रामीणों की मौत हो गयी थी तथा 24 से ज्यादा अन्य लोग घायल हो गये थे।


Download Android App
Download iOS App



