उत्तर प्रदेश में देवरिया-कुशीनगर एमएलसी सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) के उम्मीदवार डॉ.कफील खान ने अपनी हार को स्वीकार करते हुए कहा कि आज आए चुनाव परिणाम से साबित हो गया है कि उत्तर प्रदेश में एक बार फिर लोकतंत्र की करारी हार हुई है। कफील खान ने मंगलवार को मतगणना स्थल पर संवाददाताओं से कहा कि उन्हे इस चुनाव में 1031 मत मिले हैं। यह हार उनकी नहीं बल्कि यहां लोकतंत्र की हार हुई है। इस चुनाव में पैसे का प्रलोभन, पुलिस प्रशासन का दबाव और प्रधान तथा बीडीसी सदस्यों को डराया धमकाया गया है जिसका नतीजा है कि लोकतंत्र एक बार फिर हार गया।
MLC चुनाव में BJP बनी स्टार और SP फिर साबित हुई बेकार
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विजयी प्रत्याशी डॉ.रतन पाल सिंह को जीत की बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि अब वे 14 विधानसभा के लोगों और जन प्रतिनिधियों के एमएलसी हैं। आशा है कि नव निर्वाचित एमएलसी डॉ. सिंह क्षेत्र का विकास करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे। कफील ने आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव के दौरान उनकों पुलिस के द्वारा परेशान करने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने उनको परेशान करने तथा दबाव में लेने के लिये उनके गोरखपुर के आवास पर जाकर परेशान करने का प्रयास किया।
पराजय के बाद कफील खान ने दिया यह बयान
उन्होंने कहा कि वह चुनाव में पराजित होने के बाद भी जनता की सेवा के लिये लगे रहेंगे। उन्होंने दावा करते हुए कि वह जल्द ही इस क्षेत्र के तीसों विकास खंड क्षेत्रों में जनता की सेवा के लिये फ्री मेडिकल कैम्प लगाकर उनकों स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ देने का काम करेंगे। कफील ने कहा कि उनकी इच्छा थी कि इस क्षेत्र में एक अस्पताल खोला जाए। उन्होंने कहा कि अगर उत्तर प्रदेश के मुख्य योगी आदित्यनाथ जी महराज इस क्षेत्र में अस्पताल खोलने की इजाजत देते हैं, तो वह इस क्षेत्र में एक अस्पताल खोलने का काम करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



