SP-RLD को नहीं दिया समर्थन, लोगों को समझने में हुई गलती: राकेश टिकैत

Summary :

भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत ने सपा-रालोद के गठबंधन को समर्थन दिया है, लेकिन उनके भाई और यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने इस बात से खंडन करते हुए कहा, “हमने कोई समर्थन नहीं दिया, लोगों को समझने में गलती हुई है।”

उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव राजनीतिक अखाड़ा बन चुके है। ऐसे में सभी दल अपने-अपने चुनावी पैंतरेबाजी अपना रहे है। तो दूसरी तरफ यह बात सामने आ रही है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत ने सपा-रालोद के गठबंधन को समर्थन दिया है, लेकिन उनके भाई और यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने इस बात से खंडन करते हुए कहा, “हमने कोई समर्थन नहीं दिया, लोगों को समझने में गलती हुई है।” 
नरेश टिकैत ने किया सपा और रालोद के गठबंधन का समर्थन? 
मुजफ्फरनगर जिले की बुढ़ाना विधानसभा सीट से टिकट की घोषणा होने के बाद लोकदल के गठबंधन प्रत्याशी राजपाल बालियान किसानों की राजधानी सिसौली पहुंचे, हालांकि इस दौरान भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत ने सपा और रालोद के गठबंधन का खुलकर समर्थन करने का वीडियो भी सामने आया है।  
हमने अभी तक कोई समर्थन नहीं दिया है  
जब इस मामले पर राकेश टिकैत से पूछा गया कि क्या आप सपा-रालोद को समर्थन दे रहे हैं? इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, “हमने अभी तक कोई समर्थन नहीं दिया है और हम जल्द ही अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से इसकी पुष्टि भी करेंगे। अलग-अलग पार्टियों के नेता गांव पहुंच रहे हैं तो सभी से यही कहा जा रहा है कि आप चुनाव लड़ें।” “यदि कोई व्यक्ति आपके घर आता है तो यही कहा जाता है कि हम आपके साथ हैं। हम किसी को नहीं बोल रहे कि आप किसको वोट डालें।”  
क्या अभी तक इसपर फैसला नहीं किया गया? इस सवाल के जवाब में टिकैत ने कहा, हमने तय कर लिया है कि हम किसी को समर्थन नहीं देंगे। सब जानते हैं कि उन्हें क्या करना है। क्या समर्थन की जो खबरें चलाई गईं, वे गलत हैं? इस पर टिकैत ने बताया, लोगों को समझने में गलती हुई है। हमारा किसी को समर्थन नहीं है। सभी पार्टियां अपना चुनाव लड़ें। दरअसल, वीडियो में मुजफ्फरनगर के किसान भवन में एक बैठक के दौरान भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत मंच से संबोधन करते हुए कहते दिखाई दे रहे हैं, आप सभी चुनाव अच्छे से लड़ें, आप लोगों के प्रतिष्ठा की बात है। 
एक फरवरी से मिशन यूपी शुरू करने का फैसला किया है  
यूपी चुनाव को देखते हुए सपा-रालोद गठबंधन, कांग्रेस और बसपा ने प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। सपा-रालोद गठबंधन ने मुजफ्फरनगर जिले में बुढ़ाना से राजपाल बालियान, मीरापुर से चंदन चौहान और शामली के थाना भवन से अशरफ अली को मैदान में उतारा है। वहीं 15 जनवरी को संयुक्त किसान मोर्चा एक फरवरी से मिशन यूपी शुरू करने का फैसला किया है। राष्ट्रीय लोक दल और समाजवादी पार्टी के गठबंधन ने शनिवार को विधानसभा चुनाव के लिए अपने सात उम्मीदवारों की दूसरी सूची की घोषणा की थी। 
इस सूची में सभी प्रत्याशी रालोद के हैं, इससे पहले गुरुवार को 29 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की गई थी, इसमें सपा के 10, जबकि रालोद के 19 प्रत्याशियों की घोषणा की जा चुकी है। अब तक 26 सीटों पर रालोद के प्रत्याशी घोषित हो चुके हैं।

Desk Team