बीजेपी नेता स्वामी प्रसाद मौर्या के पार्टी इस्तीफा देने और समाजवादी पार्टी में शामिल होने की खबरों के बारे में मौर्या की बेटी तथा बदायूं से भाजपा सांसद संघमित्रा मौर्य ने दावा किया कि उनके पिता अभी किसी पार्टी में शामिल नहीं हुए हैं। संघमित्रा ने कहा कि, मौर्य अगले दो दिनों में अपनी आगे की रणनीति घोषित करेंगे। मंत्रिमंडल और भाजपा से मौर्य के इस्तीफे के बाद समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्विटर पर अपने साथ उनकी तस्वीर साझा करते हुए सपा में उनका स्वागत किया है। इसके बाद मौर्य के सपा में शामिल होने की सूचना तेजी से फैली।
पहले शिवपाल यादव ने भी वायरल की थी तस्वीर : संघमित्रा
इस संबंध में भाजपा सांसद और मौर्या की पुत्री संघमित्रा मौर्य ने फोन पर मीडिया से हुई बातचीत में कहा कि, उनके पिता ने इस्तीफा जरूर दिया है लेकिन अभी समाजवादी पार्टी या अन्य किसी भी पार्टी में शामिल नहीं हुए हैं। यह पूछे जाने पर कि सोशल मीडिया में अखिलेश यादव के साथ स्वामी प्रसाद मौर्य की तस्वीर वाला पोस्ट वायरल हो रहा है और यादव मौर्य का अपनी पार्टी में स्वागत कर रहे हैं। संघमित्रा ने कहा, 2016 में भी जब पिताजी ने बसपा छोड़ा था तब सबसे पहले शिवपाल यादव ने इसी तरह अपने साथ उनकी तस्वीर सोशल मीडिया पर डाला था, वह पोस्ट भी वायरल हुआ था।
अखिलेश यादव ने ट्वीट कर किया था स्वागत
भाजपा नेता संघमित्रा ने कहा, मेरे पिता ने आज मीडिया से स्पष्ट कहा कि वह दो दिन बाद अपनी रणनीति तय करेंगे और उसका खुलासा करेंगे। गौरतलब है कि मौर्य के इस्तीफे के बाद सपा प्रमुख यादव ने अपने साथ मौर्य की तस्वीर साझा करते हुए ट्वीट किया, ‘‘सामाजिक न्याय और समता-समानता की लड़ाई लड़ने वाले लोकप्रिय नेता स्वामी प्रसाद मौर्य एवं उनके साथ आने वाले अन्य सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का सपा में ससम्मान हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन! सामाजिक न्याय का इंकलाब होगा- बाइस में बदलाव होगा।


Download Android App
Download iOS App



