नागरिकता संशोधन कानून विरोधी प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच रविवार को हिंसक झड़प हुई। जिसके बाद अलीगढ़ शहर कोतवाली और दिल्ली गेट इलाकों में सोमवार को तनावपूर्ण माहौल व्याप्त है। आगरा जोन के अपर पुलिस महानिदेशक अजय आनंद ने बताया कि रविवार शाम को हुई वारदात के बाद से अब तक ऐसी कोई घटना नहीं हुई है।
पुराने शहर के प्रभावित इलाकों में सोमवार को ज्यादातर दुकानें बंद रही। जिला प्रशासन स्थिति पर नजर रखे हुए है और दुकानदारों में विश्वास भरने की कोशिश की जा रही है कि वे निडर होकर अपनी दुकानें खोलें। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को कोतवाली, दिल्ली गेट और सिविल लाइंस इलाकों में हिंसक झड़पों के विभिन्न मामलों में 40 नामजद समेत 350 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
अपर पुलिस महानिदेशक आनंद के मुताबिक रविवार को अपर कोट इलाके में हुई हिंसा में गोली लगने से घायल 22 वर्षीय तारिक की हालत अब स्थिर है और उसे जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में आपरेशन के बाद ट्रॉमा सेंटर के आईसीयू में दाखिल किया गया है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर उसे दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया जाएगा और डॉक्टर के अनुसार अभी उसकी स्थिति स्थिर है।
कन्हैया कुमार देशद्रोह मामले में सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की BJP नेता की याचिका
इस बीच, जिलाधिकारी चंद्र भूषण सिंह ने कहा है कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्ती से करवाई की जाएगी। इसके अलावा जिले में इंटरनेट सेवाएं सोमवार आधी रात तक बंद रहेंगी। बता दें कि पुलिस ने रविवार को ऊपर कोट क्षेत्र में महिला प्रदर्शनकारियों को यह कहते हुए रोकने की कोशिश की कि ईदगाह इलाके में सीएए के खिलाफ पिछले शनिवार से ही प्रदर्शन चल रहा है।
ऐसे में प्रदर्शनकारियों को कोतवाली के नजदीक प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी जा सकती। शहर मुफ्ती अब्दुल खालिद समेत प्रबुद्ध मुस्लिम वर्ग के लोगों की मदद से हालात को संभालने की कोशिश की जा रही थी तभी भीड़ में से किसी ने पथराव शुरू कर दिया। जिसके बाद स्थिति बिगड़ने लगी।


Download Android App
Download iOS App



