उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से सांसद रीता बहुगुणा जोशी ने केंद की नरेन्द्र मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के सौ दिन में लिये गये निर्णयों को ऐतिहासिक बताया और कहा कि इस सरकार की कार्यशैली से सामाजिक परिदृश्य में काफी बदलाव आये हैं।
श्रीमती जोशी ने यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से आयोजित राष्ट्रीय एकता अभियान को संबोधित करते हुये कहा कि मोदी सरकार की कार्यशैली से सामाजिक परिदृश्य में काफी बदलाव आये हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘देश की पिछले 70 वर्षों की समस्या को हमारी सरकार ने महज 70 मिनट में हल करके दिखा दिया है। हमारी सरकार के घोषणापत्र में भी अनुच्छेद 370 को हटाने की बात कही गयी थी। सरकार का यह निर्णय बताता है कि यह सरकार जो कहती उसे पूरा भी करती है।’’
सांसद ने कहा कि जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने आज से बहुत साल पहले जो सपना देखा था, वह अब पूरा हो गया है। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 के समाप्त होने के बाद अब जम्मू-कश्मीर के सभी पंचायतों में भारत सरकार का पैसा सीधे पहुंच सकेगा और सभी प्रकार के सरकारी लाभ उन्हें प्राप्त होंगे जिससे वे वंचित थे।
इस मौके पर बिहार के पर्यटन मंत्री कृष्ण कुमार ऋषि ने कहा कि ‘जहां हुए बलिदान मुखर्जी वो कश्मीर हमारा है’ का नारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व में सार्थक हुआ है। जम्मू कश्मीर के लोगों को अभूतपूर्व खुशी मिली है क्योंकि अब तक उनके मौलिक अधिकारों को नकार दिया गया था जो अब उन्हें प्राप्त हुआ है। यह विषय जनसंघ के काल से रहा है। उन्होंने कहा नए भारत का उदय हो चुका है। जम्मू-कश्मीर भारत का आंतरिक विषय रहा है और आज दुनिया के कई देश ने हमारा समर्थन किया है।


Download Android App
Download iOS App



