हरदोई में चाइल्ड हॉस्पिटल में लगी भीषण आग से हडकंप, ऐसे चलाया गया रेस्क्यू ऑपरेशन

Summary :

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में स्थित कीर्ति कृष्णा चाइल्ड हॉस्पिटल में बुधवार को अचानक आग लग गई, जिससे पूरे अस्पताल में अफरातफरी मच गई. घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल के कर्मचारियों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू कर दिया. साथ ही अस्पताल में फंसे मरीजों और उनके तीमारदारों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया. सीढ़ी के सहारे किया गया रेस्क्यू अस्पताल की दूसरी मंजिल पर फंसे लोगों को दमकल…

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में स्थित कीर्ति कृष्णा चाइल्ड हॉस्पिटल में बुधवार को अचानक आग लग गई, जिससे पूरे अस्पताल में अफरातफरी मच गई. घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल के कर्मचारियों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू कर दिया. साथ ही अस्पताल में फंसे मरीजों और उनके तीमारदारों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया.

सीढ़ी के सहारे किया गया रेस्क्यू

अस्पताल की दूसरी मंजिल पर फंसे लोगों को दमकल कर्मियों ने सीढ़ियों की मदद से नीचे उतारा. यह अस्पताल शहर कोतवाली क्षेत्र के नघेटा रोड पर स्थित है. आग लगते ही मरीजों और उनके परिजनों में भगदड़ मच गई.

शॉर्ट सर्किट से लगी आग

अस्पताल की ऊपरी मंजिल पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है. चूंकि यह अस्पताल बच्चों का है, इसलिए वहां छोटे-छोटे बच्चे भर्ती थे. फायर ब्रिगेड ने सभी बच्चों और उनके साथ आए परिजनों को सुरक्षित बाहर निकाला.

महिला तीमारदार ने दी आग की सूचना

हुसैनपुर सहोरा की रहने वाली नन्हीं देवी नाम की महिला ने बताया कि वह एक माह के बच्चे को लेकर अस्पताल आई थीं. जब उन्होंने आग लगती देखी, तो तुरंत बच्चे को गोद में उठाकर फर्स्ट फ्लोर से नीचे उतर आईं.

डॉक्टर की पत्नी ने बताया हालात

अस्पताल के संचालक डॉ. सी. के. गुप्ता की पत्नी अपर्णा गुप्ता ने बताया कि आग बेसमेंट से शुरू हुई थी. उन्हें शक है कि आग बैटरी ब्लास्ट या शॉर्ट सर्किट के कारण लगी हो सकती है. उन्होंने बताया कि धुएं से पूरा परिसर भर गया था, लेकिन दमकल कर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया.

अधिकारी ने दी जानकारी

सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर बताया कि बच्चों के इस अस्पताल में आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड ने तुरंत कार्यवाही की. आग पर काबू पा लिया गया है और कोई जनहानि नहीं हुई है. मामले की जांच जारी है और कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है.

यह भी पढ़ें-‘मैं निर्दोष हूं…’, जेल जाते समय बोला छांगुर बाबा, खत्म हुई पुलिस रिमांड

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।