उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने उम्मीदवारों के चयन के लिए दिल्ली में हुई केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद बताया कि प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में 172 सीटों को लेकर चर्चा हुई। बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होने कहा कि केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में बहुत सार्थक चर्चा हुई। केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया कि इस बार भी भाजपा को उत्तर प्रदेश में शानदार जीत मिलने जा रही है।
2017 से भी बड़ी होगी 2022 की जीत :केशव मौर्य
उन्होने कहा कि 2017 में जैसी विजय भाजपा को मिली थी उससे भी कहीं ज्यादा शानदार जीत 2022 में भाजपा को मिलने जा रही है। गुरुवार को हुई बैठक में जिन 172 सीटों को लेकर चर्चा हुई, उन सीटों पर राज्य में पहले , दूसरे और तीसरे चरण में ही मतदान होना है। बताया जा रहा है कि इन सीटों पर उम्मीदवारों के नामों को लगभग फाइनल कर दिया गया है और शुक्रवार को भाजपा उम्मीदवारों की अपनी पहली लिस्ट जारी कर सकती है।
बीजेपी की पहली सूची में होंगे पहले और दूसरे चरण के उम्मीदवारों के नाम
चुनाव आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार, प्रदेश में पहले चरण में 10 फरवरी को 58 सीटों पर, दूसरे चरण में 14 फरवरी को 55 सीटों पर और तीसरे चरण में 20 फरवरी को 59 सीटों पर मतदान होना है। पहले तीनों चरण में कुल मिलाकर 172 सीटों पर चुनाव होना है। जानकारी के मुताबिक, भाजपा की पहली सूची में पहले और दूसरे चरण में चुनाव वाली सीटों के उम्मीदवारों के नाम का ही एलान किया जाएगा। पहले और दूसरे चरण में कुल मिलाकर 113 सीटों पर चुनाव होना है।
BJP ने तैयार की UP चुनाव में जीत की रणनीति
बताया जा रहा है कि रणनीति के तहत भाजपा अपनी पहली लिस्ट में लगभग 95 उम्मीदवारों के नाम का एलान कर सकती है। बची हुई 18 सीटों पर इसके कुछ दिन बाद उम्मीदवारों की घोषणा की जाएगी। प्रदेश में पहले चरण के तहत 10 फरवरी को 58 सीटों पर मतदान के लिए नामांकन की आखिरी तारीख 21 जनवरी और दूसरे चरण के तहत 14 फरवरी को 55 सीटों पर मतदान के लिए नामांकन की आखिरी तारीख 28 जनवरी है।
BJP के इतिहास में पहली बार हुई CEC की हाइब्रिड बैठक
भाजपा के इतिहास में पहली बार गुरुवार को केंद्रीय चुनाव समिति की हाइब्रिड बैठक हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक में शामिल हुए वहीं पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं गृह मंत्री अमित शाह, चुनाव प्रभारी केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, राष्ट्रीय संगठन महासचिव बी एल संतोष, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, दिनेश शर्मा और सुनील बंसल सहित कई नेता बैठक के लिए भाजपा राष्ट्रीय मुख्यालय में मौजूद रहे। कोविड पॉजिटिव होने की वजह से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह एवं नितिन गडकरी के अलावा चुनाव समिति के कई अन्य सदस्य वर्चुअली ही बैठक में शामिल हुए।


Download Android App
Download iOS App



