नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में गुरूवार को लखनऊ और सम्भल में हुई हिसंक घटनाओं को गंभीरता से लेते उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उपद्रवियों से सख्ती से निपटने के निर्देश अधिकारियों को दिये हैं।
श्री योगी ने यहां कहा कि लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं है। समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और कम्युनिस्ट पार्टी ने आज महाबंद का आह्वान किया था। इस बंद की आड़ में किए गये प्रदर्शन के दौरान लखनऊ और सम्भल में आगजनी और तोडफोड की घटनाये हुयीं और सरकारी सम्पत्ति को नुकसान पहुंचाया गया। बंद का आवाहन करने वालों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज कर उनकी सम्पति जब्त कर नुकसान की भरपाई की जायेगी।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं है। अगर किसी को कोई आपत्ति है तो उसे आपसी बातचीत और संवाद से ही हल निकालना चाहिये। उन्होंने कहा कि आरोपियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जायेगी।
घटना के बाद लखनऊ विश्वविद्यालय की कल होने वाली परीक्षा स्थगित कर दी गई हैं। पूरे प्रदेश में धारा 144 लागू है और धरना प्रदर्शन करने पर सख्त मनाही थी। इसके बावजूद बडी तादाद में लोग सड़कों पर निकले और उपद्रव शुरू हो गया। इस बारे मे जिम्मेदारों से जवाब तलब किया जायेगा और पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।


Download Android App
Download iOS App



