कोयंबटूर : तमिलनाडु के पश्चिमी क्षेत्र में केरल से चार उग्रवादियों की घुसपैठ की खबरों के बाद पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है। ये उग्रवादी कथित तौर पर कुछ हिंदू संगठन के नेताओं को निशाना बनाने के मिशन पर हो सकते हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार दिल्ली से एक खुफिया एजेंसी ने पूरे क्षेत्र में चारों की तस्वीरें जारी की हैं और सलेम, तिरुपुर तथा कोयंबटूर में खासकर रेलवे स्टेशनों एवं बस स्टैंडों पर जांच बढ़ा दी गयी है।
हालांकि, सूत्रों ने बताया कि इस बारे में जानकारी नहीं है कि वे किस संगठन से जुड़े हैं और उनका क्या मकसद है। पुलिस ने सलेम से कोयंबटूर तक जांच चौकियों को सतर्क रहने को कहा है तथा विशेष वाहन की तलाश में जांच बढ़ा दी गयी है जिसमें घुसपैठिये सवार हो सकते हैं। बताया जाता है कि वे कथित तौर पर कुछ हिंदूवादी नेताओं को निशाना बनाने के मिशन पर हो सकते हैं। पुलिस संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ तमिलनाडु में हो रहे प्रदर्शनों के मद्देनजर कड़ी निगरानी रख रही है।


Download Android App
Download iOS App



