गाजियाबाद में विजयनगर थाना पुलिस ने नकली सोना बेचकर ठगी करने वाले दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने सर्राफा व्यापारी को नकली सोना बेचकर असली सोने-चांदी के आभूषण और नकदी ठग ली थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से लाखों रुपये के आभूषण और नकदी बरामद की है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई जारी है और उनके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में विजयनगर थाना पुलिस ने एक सर्राफा व्यापारी के साथ धोखाधड़ी कर नकली सोना बेचने और बदले में असली सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी ठगने वाले दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों के साथ छह लाख रुपये की नकदी भी बरामद हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 21 मार्च को लक्ष्मी ज्वेलर्स के मालिक मनोज कुमार वर्मा ने थाना विजयनगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने धोखाधड़ी कर उन्हें नकली सोना बेचकर असली 99 ग्राम सोना और 939 ग्राम चांदी के आभूषण (कुल कीमत लगभग 10 लाख रुपये) और 20 लाख रुपये नकद ठग लिए।
पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस की टीमें गठित कर सर्विलांस सेल और मुखबिरों की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की गई। थाना विजयनगर पुलिस ने बुधवार को रेलवे स्टेशन विजयनगर से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान लड्डू, निवासी ग्राम ठिकरिया, थाना नागल, जिला दौसा, राजस्थान, और गंगा सिंह (60), निवासी गंजखेली, निकट रेलवे लाइन, थाना गंजखेली, जिला अलवर, राजस्थान के रूप में हुई है। दोनों वर्तमान में ग्राम कनावनी, थाना इंदिरापुरम, गाजियाबाद में रह रहे थे।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे सर्राफा बाजार में जाकर ज्वेलर्स को विश्वास में लेकर उन्हें नकली सोना बेच देते थे और असली सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी ले लेते थे। पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि उन्होंने इस वारदात को अपने साथी सुरेश के साथ मिलकर अंजाम दिया था। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने सोने के दो पेंडेंट, एक मंगलसूत्र, दो अंगूठियां, दो जोड़ी कानों के झुमके, एक चेन, एक जोड़ी कानों की बाली और चांदी की तीन जोड़ी पायल के अलावा छह लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और उनके अन्य साथियों की तलाश जारी है।


Download Android App
Download iOS App



