BJP महिला मोर्चा की दो दिवसीय बैठक की आज से शुरुआत, सोमवार को CM योगी करेंगे समापन

Summary :

बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं महिला मोर्चा के प्रभारी विजय बहादुर पाठक ने ट्वीट किया, बीजेपी महिला मोर्चा, उत्तर प्रदेश की दो दिवसीय प्रदेश पदाधिकारी और कार्यसमिति की बैठक आज से लखनऊ में प्रारंभ हो रही है।

उत्‍तर प्रदेश में आगामी साल में होने वालेविधानसभा चुनाव के मद्देनजर बीजेपी महिला मोर्चा की आज से दो दिवसीय बैठक की शुरुआत हो रही है। प्रदेश पदाधिकारी और कार्यसमिति बैठक का समापन सोमवार को उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ करेंगे।
इस बैठक के जरिए बीजेपी महिला कार्यकर्ताओं की केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं के साथ बूथ एवं मंडल इकाइयों से लेकर जिलों तक संगठन को मजबूती देने तथा 2022 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी के पक्ष में माहौल बनाने के लिए जिम्मेदारी एवं जवाबदेही तय करेगी।
बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं महिला मोर्चा के प्रभारी विजय बहादुर पाठक ने रविवार को ट्वीट किया, “बीजेपी महिला मोर्चा, उत्तर प्रदेश की दो दिवसीय प्रदेश पदाधिकारी और कार्यसमिति की बैठक आज से लखनऊ में प्रारंभ हो रही है, जिसमें महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वानती श्रीनिवासन, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उप मुख्‍यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और डॉक्टर दिनेश शर्मा का अलग-अलग सत्रों में मार्गदर्शन मिलेगा।”


उन्होंने बताया कि मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ सोमवार को कार्यसमिति की बैठक का समापन करेंगे। पाठक ने रविवार को कहा, ”मोदी सरकार और योगी सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों एवं निर्णयों को माताओं-बहनों के बीच पहुंचाना है और बूथ, मण्डल, जिला स्तर तक पहुंचकर महिलाओं को पार्टी से जोड़ने का कार्य करना है। मातृशक्ति का परिश्रम 2022 विधानसभा चुनाव में बीजेपी की विजय का आधार बनेगा।”

Desk Team