उत्तरप्रदेश के मुजफ्फरनगर में दो व्यक्तियों ने 16 वर्षीय एक किशोरी का कथित तौर पर अपहरण करने के बाद उसका बलात्कार किया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। थाना प्रभारी अनिल कापरवन के अनुसार सलमान और परवेज नामक दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि लड़की गुरुवार को अपने घर से दुकान के लिए निकली थी और वह तभी से लापता थी।
एसएचओ ने बताया कि उसके पिता ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद लड़की को बचाने के लिए पुलिस ने तहकीकात शुरू की। कापरवन ने बताया कि शिकायत के अनुसार, आरोपी लड़की को पास के एक स्थान पर ले गए, जहां उन्होंने उसका कथित रूप से बलात्कार किया। आरोपियों ने इसके बारे में किसी को बताने पर उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी थी।
पुलिस ने बताया कि करीब 20 साल की उम्र वाले दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं और बाल यौन अपराध संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। एसएचओ ने बताया कि लड़की को चिकित्सकीय जांच के लिए भेजा गया है।


Download Android App
Download iOS App



